शेयर बाजार में लौटी हरियाली, सेंसेक्स 1109 अंक उछला, निफ्टी 359 अंक चढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
शेयर बाजार में लौटी हरियाली, सेंसेक्स 1109 अंक उछला, निफ्टी 359 अंक चढ़ा


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को शेयर बाजार गिरावट से उबरते हुए बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुआ है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की टिप्पणियों और आईटी सेक्टर में उछाल से शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 1109 अंकों की उछाल और निफ्टी 358.60 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 फीसदी की उछाल के साथ 73,033.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एकसचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 358.60 यानी 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ 22,721.95 के स्तर पर बंद हुआ है। शेयर बाजार में आई इस तूफानी तेजी के कारण महज एक दिन में निवेशकों की संपत्ति में 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा हुआ।

जानकारों का कहना है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की एलटीसीजी कर और प्रतिभूति लेन-देन कर पर की गई टिप्पणियों ने निवेशकों के उत्साह को बढ़ाया, जिससे शेयर बाजार में तेजी दिखी। इसके साथ ही आईटी सेक्टर में मजबूत उछाल ने भी बाजार को गति दी। एचयूएल और बजाज ऑटो के शेयरों में 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इन प्रमुख कारकों ने बाजार की धारणा को सकारात्मक दिशा दी। वहीं, अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले भारतीय रुपया 48 पैसे मजबूत होकर 95.30 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा।

एक दिन पहले सेंसेक्स सेंसेक्स 547.65 अंक यानी 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 71,924.68 के स्तर पर और निफ्टी 157.10 अंक यानी 0.70 फीसदी टूटकर 22,363.35 के स्तर पर बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story