निर्गम राशि के इस्तेमाल की निगरानी और जानकारी देने से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा सेबीः तुहिन कांत

WhatsApp Channel Join Now
निर्गम राशि के इस्तेमाल की निगरानी और जानकारी देने से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा सेबीः तुहिन कांत


निर्गम राशि के इस्तेमाल की निगरानी और जानकारी देने से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा सेबीः तुहिन कांत


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शनिवार को कहा कि पूंजी बाजार नियामक निर्गम से जुटाई गई राशि के इस्तेमाल की निगरानी और जानकारी देने से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा है।

सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने यहां इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स के वार्षिक निदेशक सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य समय पर जानकारी उपलब्ध कराना और अनुपालन प्रक्रिया को सुगम बनाना है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि पारदर्शिता का मतलब केवल किसी कंपनी द्वारा दी गई जानकारी की मात्रा से नहीं है, बल्कि ये भी महत्वपूर्ण है कि वह जानकारी निवेशकों को जरूरी बातों को समझने में कितनी मदद करती है।

उन्होंने कहा कि सेबी ने महत्वपूर्ण घटनाओं और सूचनाओं के खुलासे से जुड़े नियमों को लगातार मजबूत किया है। सेबी ने संबंधित पक्षों के बीच लेन-देन से जुड़े नियमों को भी और स्पष्ट करने का प्रस्ताव रखा है। इससे कंपनियों के लिए नियम स्पष्ट और व्यावहारिक होंगे तथा निवेशकों के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय भी बने रहेंगे।

पांडेय ने कहा कि सेबी ऐसा फ्रेमवर्क लाने का प्रस्ताव कर रहा है, जिससे एक ही मामले में एक से ज्यादा स्टॉमक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों पर कई स्टॉक एक्सचेंजों द्वारा जुर्माना लगाने की दोहरी कार्रवाई से बचा जा सके।

सेबी प्रमुख ने कहा, इसका मकसद रेगुलेशन को ज़्यादा असरदार बनाना है, साथ ही इसके मूल उद्देश्य को भी बनाए रखना है। नियामकीय अनुपालन के बारे में उन्होंने कहा कि सुशासन के लिए नियमों का अनुपातिक होना और अनावश्यक दोहराव से बचना भी जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story