टाटा समूह से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रख रहा है सेबी: तुहिन कांत पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
टाटा समूह से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रख रहा है सेबी: तुहिन कांत पांडेय


टाटा समूह से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रख रहा है सेबी: तुहिन कांत पांडेय


नई दिल्ली/कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शनिवार को कहा कि बाजार नियामक टाटा समूह की मूल कंपनी के स्तर में प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रख रहा है।

तुहिन कांत पांडे ने कोलकाता में 'भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स' के 125 वें वर्षगांठ समारोह और इन्वेस्टर फोरम के शुभारंभ पर यहां आयोजित बिल्डिंग इंडियाज वर्ल्ड-क्लास कैपिटल मार्केट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बात कही। पूंजी बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा कि टाटा समूह की सूचीबद्ध कंपनियां और उनके प्रवर्तक भी सेबी के खुलासे तथा अनुपालन संबंधी नियमों के दायरे में आते हैं।

सेबी चेयरमैन की यह टिप्पणी टाटा समूह की मूल कंपनी टाटा संस में प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर मतभेदों के बीच आई है। इनमें एन. चंद्रशेखरन की चेयरमैन के रूप में दोबारा नियुक्ति और कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने पूंजी जुटाने की प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर विशेष बल दिया।

तुहिन पांडेय ने भारत चैंबर इन्वेस्टर्स फोरम की शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मूल कंपनी के स्तर पर कुछ मुद्दे हैं, जो वास्तव में सूचीबद्ध कंपनी नहीं है। समूह की बाकी सूचीबद्ध कंपनियां सभी एलओडीआर (सूचीबद्धता दायित्व एवं खुलासा आवश्यकताएं) नियमों का पालन करती हैं।’’

उन्होंने कहा कि इन सूचीबद्ध कंपनियों और उनके प्रवर्तकों पर सेबी के सभी नियम लागू होते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या सेबी टाटा समूह के घटनाक्रम पर नजर रख रहा है, पांडेय ने कहा कि सभी घटनाक्रम पर लगातार नजर रखनी होती है।

उल्लेखनीय है कि टाटा समूह की वित्त वर्ष 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक समूह की 26 सूचीबद्ध कंपनियां हैं, जिनका संयुक्त बाजार पूंजीकरण 31 मार्च,

2025 तक 328 अरब अमेरिकी डॉलर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story