आईपीओ बाजार में मचेगी धूम: सेबी ने स्टरलाइट इलेक्ट्रिक और स्वातंत्र माइक्रोफिन समेत 8 कंपनियों को दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
आईपीओ बाजार में मचेगी धूम: सेबी ने स्टरलाइट इलेक्ट्रिक और स्वातंत्र माइक्रोफिन समेत 8 कंपनियों को दी मंजूरी


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार का प्राइमरी मार्केट आने वाले समय में जबरदस्त हलचल का गवाह बनने जा रहा है। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने आठ अलग-अलग कंपनियों को अपने आईपीओ लाने की हरी झंडी दे दी है। इन कंपनियों में दो बड़े व्यापारिक घरानों, वेदांता समूह और बिड़ला परिवार की कंपनियां भी शामिल हैं, जिन पर निवेशकों की विशेष नजर रहने वाली है। सेबी से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद इन सभी कंपनियों के लिए शेयर बाजार में लिस्टिंग का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

इस सूची में सबसे बड़ा आकर्षण वेदांता समूह की कंपनी स्टरलाइट इलेक्ट्रिक लिमिटेड है, जिसे पहले स्टरलाइट पावर ट्रांसमिशन के नाम से जाना जाता था। सेबी की ओर से इस कंपनी को बीते 20 नवंबर को मंजूरी (ऑब्जर्वेशन लेटर) जारी की गई है। कंपनी की ओर से दाखिल किए गए दस्तावेजों के अनुसार, इस पब्लिक इश्यू के माध्यम से कुल 1.6 करोड़ इक्विटी शेयर बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें समान संख्या में नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा निवेशकों के शेयरों को ऑफर फॉर सेल के रूप में पेश किया जाएगा।

स्टरलाइट इलेक्ट्रिक इस बड़े आईपीओ की मदद से बाजार से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। जुटाई जाने वाली इस बड़ी राशि का एक बड़ा हिस्सा कंपनी अपने विस्तार प्रोजेक्ट्स को पूरा करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को व्यवस्थित करने और पुराने कर्ज के बोझ को कम करने के लिए उपयोग करेगी। पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और केबल मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में काम करने वाली इस दिग्गज कंपनी के आने से बाजार को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

दूसरा प्रमुख नाम अनन्या बिड़ला द्वारा प्रमोटेड स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड का है, जो देश की एक प्रतिष्ठित गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी-माइक्रोफाइनेंस संस्थान है। इस कंपनी को 27 नवंबर को सेबी से अपना आईपीओ लाने के लिए अंतिम मंजूरी मिल गई है। कंपनी की योजना बाजार से लगभग 3,000 करोड़ रुपये की बड़ी रकम जुटाने की है। इसमें 1,500 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी होंगे, जबकि बाकी 1,500 करोड़ रुपये ऑफर फॉर सेल के माध्यम से वर्तमान संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी बेचकर जुटाए जाएंगे।

स्वतंत्र माइक्रोफिन का वित्तीय प्रदर्शन हाल के वर्षों में काफी शानदार रहा है और इसके लोन पोर्टफोलियो में भी बड़ा उछाल देखा गया है। इस नए आईपीओ से मिलने वाली नई पूंजी का मुख्य उपयोग कंपनी के टियर-1 कैपिटल बेस को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। इससे कंपनी को अपनी भविष्य की पूंजीगत आवश्यकताओं को पूरा करने और ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आगे ऋण देने के काम को गति देने में मदद मिलेगी।

इन दो बड़े नामों के अलावा सेबी ने छह अन्य मध्यम और बड़े आकार की कंपनियों को भी अपनी पूंजी जुटाने की योजनाओं को लागू करने की स्वीकृति दी है। इन कंपनियों में गौरिक फैशन्स, एमराल्ड ज्वेल इंडस्ट्री इंडिया, ब्यूटी गैरेज, नोबल हाइजीन, एमपी स्टील इंडिया और कटारिया धूलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स शामिल हैं। इनमें से सौंदर्य और व्यक्तिगत देखभाल क्षेत्र से जुड़ी ब्यूटी गैरेज लिमिटेड नए शेयर जारी करके 125 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने की कोशिश करेगी। इसके अतिरिक्त कंपनी के प्रमोटर्स ऑफर फॉर सेल के जरिए 78.36 लाख इक्विटी शेयर भी बेच सकते हैं। ब्यूटी गैरेज इस राशि का इस्तेमाल महाराष्ट्र के वसई में एक नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए करेगी।

हाइजीन और कंज्यूमर प्रोडक्ट्स बनाने वाली प्रमुख कंपनी नोबल हाइजीन लिमिटेड भी इस दौड़ में पीछे नहीं है। कंपनी की योजना 150 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर जारी करने के साथ-साथ 1.55 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल लाने की है। एडल्ट और बेबी डायपर जैसे प्रोडक्ट्स बनाने वाली इस कंपनी का मुनाफा पिछले वित्त वर्ष में काफी तेजी से बढ़ा है, जिसके कारण निवेशक इसके आईपीओ को लेकर काफी उत्सुक हैं। कंपनी इस पूंजी से अपने मौजूदा प्लांट का विस्तार करेगी और कर्ज चुकाएगी।

स्टील और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े क्षेत्र की बात करें तो एमपी स्टील इंडिया भी अपना आईपीओ लाने के लिए तैयार है। कंपनी 95 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करने की योजना बना रही है, जिससे वह अपने बिजनेस ऑपरेशंस का विस्तार कर सके। इसी तरह आभूषण निर्माण और रिटेल क्षेत्र की बड़ी कंपनी कटारिया धुलचंद पन्नालाल ज्वेलर्स को भी 1.6 करोड़ नए शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर नियामक की मंजूरी मिल चुकी है। जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर की इस कंपनी के बाजार में आने से रिटेल निवेशकों को निवेश का एक और पारंपरिक विकल्प मिलेगा।

जहां एक ओर बाजार में नए निवेश के दरवाजे खुल रहे हैं, वहीं दो कंपनियों ने फिलहाल आईपीओ बाजार से दूरी बनाने का फैसला किया है। बीविशाल ऑयल एंड एनर्जी और पेंटाकल कंसल्टेंट्स इंडिया नामक कंपनियों ने सेबी के पास जमा किए गए अपने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (डीआरएचपी) को वापस ले लिया है। इन कंपनियों के आईपीओ में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल भी शामिल था लेकिन बदलती रणनीतियों के चलते इन्होंने अपनी योजनाओं को कुछ समय के लिए टालने का निर्णय लिया है।

प्राइमरी मार्केट के जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में आईपीओ को मंजूरी मिलने से यह साफ होता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था और घरेलू शेयर बाजार को लेकर कॉरपोरेट जगत का भरोसा बहुत मजबूत है। आने वाले हफ्तों में जब ये आईपीओ निवेश के लिए खुलेंगे तो बाजार में नकदी का प्रवाह काफी तेजी से बढ़ेगा। रिटेल निवेशकों के पास भी अलग-अलग सेक्टर्स की मजबूत कंपनियों में शुरुआती स्तर पर हिस्सेदारी खरीदने के बेहतरीन मौके होंगे।कंपनियों की ओर से अब जल्द ही इन आईपीओ के खुलने की तारीखों और प्राइस बैंड की आधिकारिक घोषणाएं की जा सकती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story