स्टेट बैंक ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में 1.42 फीसदी हिस्सेदारी 1,655 करोड़ रुपये में बेची

WhatsApp Channel Join Now
स्टेट बैंक ने एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में 1.42 फीसदी हिस्सेदारी 1,655 करोड़ रुपये में बेची


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स)। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने अपनी सब्सिडियरी परिसंपत्ति प्रबंधन इकाई एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एसबीआईएफएम) में 1.42 फीसदी हिस्सेदारी आईपीओ पूर्व नियोजन के तहत 30 निवेशकों को 1,655 करोड़ रुपये में बेची है।

एसबीआई ने शुक्रवार को जारी बयान में यह जानकारी दी। बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि यह हिस्सेदारी 574 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेची है, जो प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के मूल्य दायरे की ऊपरी सीमा भी है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का 11,600 करोड़ रुपये का आईपीओ 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा।

बैंक ने कहा कि यह पूरा आईपीओ प्रवर्तकों एसबीआई और अमुंडी इंडिया होल्डिंग की ओर से बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। एसबीआई ने ये हिस्सेदारी 360 वन फंड्स, टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी, गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस, बेनेट कोलमैन, आनंद राठी ग्लोबल फाइनेंस, कैप्री ग्लोबल वेंचर्स और कार्नेलियन भारत अमृतकाल फंड सहित विभिन्न निवेशकों को बेची।

इससे पहले बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा, ‘‘स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने 9 जुलाई, 2026 को 30 निवेशकों के साथ अलग-अलग शेयर खरीद समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत एसबीआईएफएम के एक रुपये अंकित मूल्य वाले कुल 2,88,32,748 शेयर (जो निर्गम-पूर्व चुकता शेयर पूंजी का 1.415 फीसदी हैं), जो 574 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कुल 1,655 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं।’’

बैंक ने कहा कि ये बिक्री एसबीआई की परिसंपत्ति प्रबंधन इकाई एसबीआईएफएम के आईपीओ-पूर्व नियोजन का हिस्सा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story