एसबीआई म्यूचुअल फंड को साउथ इंडियन बैंक में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
एसबीआई म्यूचुअल फंड को साउथ इंडियन बैंक में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने निजी क्षेत्र के साउथ इंडियन बैंक में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी को हासिल करने के एसबीआई म्यूचुअल फंड के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी दे दी है।

बैंक ने नियामकीय सूचना में मंगलवार को यह जानकारी दी। साउथ इंडियन बैंक ने बताया कि आरबीआई ने बैंक में 9.99 फीसदी तक हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एसबीआई म्यूचुअल फंड के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बैंक ने बताया कि उसे इस मंजूरी की जानकारी 23 नवंबर को दी गई। यह मंजूरी संबंधित नियामकीय शर्तों के अनुपालन पर निर्भर है।

साउथ इंडियन बैंक ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा, ''आरबीआई ने एसबीआई म्यूचुअल फंड को बैंक की चुकता शेयर पूंजी या मतदान अधिकारों में कुल 9.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दी है। यह मंजूरी उसमें निर्दिष्ट शर्तों के अधीन है।''

उल्लेखनीय है कि ये मंजूरी बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949, वाणिज्यिक बैंकों में शेयर यानी मतदान अधिकारों के अधिग्रहण एवं हिस्सेदारी से संबंधित आरबीआई के 2025 के दिशा-निर्देशों, विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम, 1999 और अन्य लागू कानूनों एवं नियामकीय दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर निर्भर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story