सऊदी अरब की रियाद एयर 4 अगस्त से मुंबई के लिए शुरू करेगी रोजाना उड़ानें

WhatsApp Channel Join Now
सऊदी अरब की रियाद एयर 4 अगस्त से मुंबई के लिए शुरू करेगी रोजाना उड़ानें


सऊदी अरब की रियाद एयर 4 अगस्त से मुंबई के लिए शुरू करेगी रोजाना उड़ानें


नई दिल्ली/मुंबई, 06 जुलाई (हि.स)। सऊदी अरब की विमानन कंपनी 'रियाद एयर' ने भारत में अपना परिचालन शुरू करने की सोमवार को घोषणा की। 'रियाद एयर' 4 अगस्त से रियाद और मुंबई के बीच रोजाना सीधी उड़ानें शुरू करेगी। कंपनी ने कहा कि इस नई सेवा के लिए बुकिंग 6 जुलाई से शुरू होगी।

एयरलाइन ने एक बयान में बताया कि मुंबई-रियाद के बीच चार अगस्त से सीधी दैनिक उड़ान शुरू की जाएगी। मुंबई और रियाद के बीच यह दैनिक सेवा बोइंग बी787-9 विमान से संचालित की जाएगी, जिसमें बिजनेस एलीट, बिजनेस, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी की 4 श्रेणियां होंगी।

कंपनी ने कहा कि इस नए रूट से उसका नेटवर्क नौ गंतव्य तक बढ़ जाएगा। इससे सऊदी अरब और बड़े अंतरराष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय हब के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने की उसकी योजना को भी मदद मिलेगी। एयरलाइन ने कहा कि मुंबई से उड़ान भरने वाले यात्रियों को रियाद के जरिए यूरोप और मिडिल ईस्ट के शहरों जैसे- लंदन, मैड्रिड, जेद्दा और काहिरा के लिए आगे की कनेक्टिंग फ़्लाइट्स भी मिलेंगी।

सऊदी अरब के संप्रभु धन कोष पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीपीएफ) समर्थित विमानन कंपनी रियाद एयर ने कहा कि मुंबई रूट भारत के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दिखाता है, जो दुनिया के सबसे बड़े और तेज़ी से बढ़ते एविएशन मार्केट में से एक है। उम्मीद है कि यह सेवा बिज़नेस और घूमने-फिरने के लिए यात्रा करने वालों के साथ-साथ दोनों देशों के बीच आने-जाने वाले प्रवासी समुदायों की ज़रूरतों को भी पूरा करेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story