(संशोधित) सर्वा फोम इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आईपीओ के लिए डीआरएचपी फाइल किया

WhatsApp Channel Join Now
(संशोधित) सर्वा फोम इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आईपीओ के लिए डीआरएचपी फाइल किया


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी रीबॉन्डेड पीयू फोम बनाने और एक्सपोर्ट करने वाली भोपाल की कंपनी सर्वा फोम इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए धन जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।

सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार सर्वा फोम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 5 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में 5,400,000 तक इक्विटी शेयरों का एक फ्रेश इश्यू और प्रमोटर मिस्टर कुणाल गियानी की ओर से 1,350,000 तक शेयरों का ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) भी इसमें शामिल है। इसके शेयर एनएसई और बीएसई पर लिस्टिंग के लिए प्रस्तावित हैं।

सर्वा फोम इंडस्ट्रीज लिमिटेड इस फ्रेश इश्यू से मिलने वाली 90 करोड़ रुपये की रकम का इस्तेमाल कंपनी की रीबॉन्डेड पॉलीयुरेथेन फोम प्रोडक्ट्स की नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने के लिए कैपिटल खर्च की जरूरतों को पूरा करने में करेगी, जबकि 300.00 मिलियन का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए कुछ कर्ज़ों को आंशिक या पूरी तरह से चुकाने/प्री-पेमेंट करने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए किया जाएगा।

कंपनी के मुताबिक ये ऑफर बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के जरिए लाया जा रहा है, जिसमें ऑफर का 50 फीसदी से ज्यादा हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदार को नहीं दिया जाएगा, और ऑफर का कम से कम 15 फीसदी और 35 फीसदी हिस्सा क्रमशः गैर-संस्थागत बोलीदाता और खुदरा व्यक्तिगत बोलीदाता को दिया जाएगा।

भोपाल स्थित 2018 में बनी यह कंपनी रीबॉन्डेड पॉलीयुरेथेन (पीयू) फोम की एक स्पेशलाइज़्ड मैन्युफैक्चरर और ट्रेडर है। ये सर्कुलर-इकोनॉमी बिज़नेस मॉडल पर काम करती है, जो पीयू फोम के टुकड़ों और बचे हुए हिस्सों (ट्रिम्स और ऑफ-कट्स) को वैल्यू-एडेड रीबॉन्डेड फोम प्रोडक्ट्स में बदलती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story