सेल को पहली तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से ज्यादा होकर 1,644 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
सेल को पहली तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से ज्यादा होकर 1,644 करोड़ रुपये


सेल को पहली तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुने से ज्यादा होकर 1,644 करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून पहली तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। सेल का एकीकृत शुद्ध लाभ पहली तिमाही में दोगुने से ज्यादा होकर 1,644.05 करोड़ रुपये रहा है।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि मुख्य रूप से खर्च में कमी आने से अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का लाभ बढ़ा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 744.58 करोड़ रुपये था। सेल की कुल आय भी इस अवधि में बढ़कर 26,451.21 करोड़ रुपये हो गई है, जो वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 26,083.90 करोड़ रुपये थी।

वहीं, खर्च 24,146.32 करोड़ रुपये रहा है, जो पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 25,189.19 करोड़ रुपये था। सेल ने अलग जारी बयान में कहा कि उसका कच्चा इस्पात उत्पादन घटकर 47.6 लाख टन रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 48.5 लाख टन था।

सेल के चेयरमैन अशोक कुमार पांडा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच, घरेलू इस्पात उद्योग ने मजबूती दिखाई है, जिसकी वजह घरेलू इस्पात की लगातार मांग रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर परिचालन क्षमता, सूझ-बूझ के साथ लागत प्रबंधन और केन्द्रित विपणन पहलों के जरिए, सेल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में काफी अच्छा मुनाफा कमाया है। पांडा ने कहा, ‘’कंपनी अपनी मजबूत विनिर्माण क्षमताओं का फायदा उठाने और घरेलू इस्पात की लगातार मांग का लाभ उठाते हुए अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए आश्वस्त है।’’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story