सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से जुटाये 140 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से जुटाये 140 करोड़ रुपये


सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने एंकर निवेशकों से जुटाये 140 करोड़ रुपये


नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात स्थित कार्डियोवैस्कुलर मेडिकल डिवाइस निर्माता सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एंकर निवेशकों से 140 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी का ये आईपीओ गुरुवार, 15 अक्टूबर को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।

कंपनी ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया कि उसने एंकर निवेशकों को 344 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 4,071,634 इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं। इस इश्यू के एंकर निवेश में हिस्सा लेने वाले कुछ प्रमुख संस्थानों में एलियांज ग्लोबल इन्वेस्टर्स फंड- एलियांज इंडिया इक्विटी, नैटिक्सिस इंटरनेशनल फंड्स (लक्स) I, लूमिस सेलेस ग्लोबल इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड और टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड एयर कंडीशनर होल लाइफ एग्रेसिव ग्रोथ फंड यूलिफ़ शामिल हैं।

सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के अनुसार इक्विटी-ओरिएंटेड स्कीमों में डीएसपी हेल्थकेयर फंड, निप्पॉन लाइफ इंडिया ट्रस्टी लिमिटेड- एयर कंडीशनर निप्पॉन इंडिया स्मॉल कैप फंड और व्हाइटओक कैपिटल फ्लेक्सी कैप फंड आदि को शेयर आवंटित किए हैं। एंकर निवेशकों को आवंटित कुल 4,071,634 इक्विटी शेयरों में से 3,025,093 शेयर 7 स्कीमों के माध्यम से 5 घरेलू म्यूचुअल फंडों को आवंटित किए गए हैं।

कंपनी ने कहा कि मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड, अवेंडस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट लिमिटेड बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं, और एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ऑफर का रजिस्ट्रार है।

सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का आईपीओ 15 अक्टूबर को खुलेगा और 19 अक्टूबर को बंद होगा। कंपनी ने इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 327-344 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इस इश्यू के तहत मौजूदा शेयरधारक 1.38 करोड़ तक शेयर बेचेंगे। कंपनी की योजना इस आईपीओ के जरिए 475 करोड़ रुपये जुटाने की है। इस आईपीओ में निवेशक न्यूनतम 43 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं और उसके बाद 43 शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।

कंपनी की ओर से जारी सार्वजनिक घोषणा के मुताबिक आईपीओ के बिक्री पेशकश पर आधारित होने के कारण इससे हासिल राशि कंपनी को नहीं मिलेगी। कंपनी का शेयर 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि यह कंपनी 1999 में एक पार्टनरशिप फर्म के तौर पर बनी थी, जो बाद में 2001 में एक जॉइंट स्टॉक कंपनी के तौर पर इनकॉर्पोरेट किया गया। कंपनी एक क्लास III और क्लास सी/डी मेडिकल डिवाइस कंपनी है, जिसके पास वैस्कुलर और स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन में टेक्निकली एडवांस्ड मेडिकल डिवाइस का पोर्टफोलियो है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761005 Articles

Share this story