फॉरेक्स मार्केट में डॉलर के मुकाबले 34 पैसे की कमजोरी के साथ बंद हुआ रुपया

WhatsApp Channel Join Now
फॉरेक्स मार्केट में डॉलर के मुकाबले 34 पैसे की कमजोरी के साथ बंद हुआ रुपया


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में आज भारतीय मुद्रा रुपये में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दिनभर के कारोबार के बाद रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पिछले बंद भाव 93.69 के मुकाबले 34 पैसे की कमजोरी के साथ 94.03 प्रति डॉलर (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा डॉलर में आई मजबूती और घरेलू शेयर बाजार में ऊपरी स्तरों से हुई मुनाफावसूली का सीधा असर भारतीय मुद्रा रुपये की सेहत पर दिखाई दिया।

आज सुबह इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय रुपया 4 पैसे की गिरावट के साथ 93.73 प्रति डॉलर के स्तर पर खुला था। कारोबार की शुरुआत होने के बाद से ही डॉलर की मांग और इक्विटी मार्केट में डॉलर के इनफ्लो की वजह से रुपये की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। विदेशी निवेशकों के इक्विटी मार्केट में डॉलर इनफ्लो बढ़ाने पर रुपया मजबूत होकर 93.58 के स्तर तक गया। अंतिम सत्र में ऑयल इंपोर्टर कंपनियों और विदेशी बैंकों की डॉलर लिवाली तेज होने से रुपया 94.05 के स्तर को पार कर गया।

अमेरिकी डॉलर के साथ-साथ दुनिया की अन्य प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में भी आज भारतीय रुपये के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव होता रहा। ब्रिटिश पॉन्ड के मुकाबले भारतीय रुपये में दिनभर हल्की मजबूती का रुख बना रहा, जिससे पॉन्ड मामूली गिरावट के साथ 124.81 रुपये के स्तर के आसपास कारोबार करता हुआ देखा गया। इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के सामने भी रुपया आज अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रहा और यूरो कमजोर होकर 104.33 रुपये के स्तर के करीब बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों और एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका में महंगाई और रोजगार के ताजा आंकड़े उम्मीद से मजबूत आने के बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल आया है। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाएं तेज हो गई हैं, जिसने डॉलर को मजबूती दी है। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि यदि डॉलर इंडेक्स इसी तरह मजबूत बना रहता है, तो शॉर्ट टर्म में रुपये पर दबाव जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story