कैंसर रोधी 1,364 दवाओं के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य प्रभावी

WhatsApp Channel Join Now
कैंसर रोधी 1,364 दवाओं के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य प्रभावी


कैंसर रोधी 1,364 दवाओं के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य प्रभावी


नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। देश में कैंसर रोधी 1,364 दवा ‘फॉर्मूलेशन’ के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) सोमवार से लागू हो गए। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के इस कदम से उपभोक्ताओं को सालाना अनुमानित 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है।

रसायन और उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग ने एक बयान में बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) के द्वारा 137 कैंसर रोधी दवाओं के व्यापार विक्रय को अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के 30 फीसदी तक सीमित करने के बाद 1,364 कैंसर रोधी दवाओं के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 9 नवंबर 2026 से देशभर में लागू हो गए हैं।

बयान के अनुसार औषधि विभाग के तहत काम करने वाले राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की 17 अक्टूबर, 2026 को सौंपी गई सिफारिशों के आधार पर कुल 137 कैंसर रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर व्यापार ‘मार्जिन’ की सीमा तय की थी। आठ नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 ‘फॉर्मूलेशन’ के संशोधित एमआरपी की जानकारी दी है।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषधि विभाग ने बताया कि 679 ब्रांड के दाम में 50 फीसदी से अधिक की कटौती की गई है। सबसे अधिक 96.45 फीसदी की कटौती दर्ज की गई है। किसी भी दवा विक्रेता या अस्पताल की फार्मेसी को संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं है।

बयान के अनुसार उपभोक्ता दवाओं के पैकेट पर छपे संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य, ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप या एनपीपीए की आधिकारिक वेबसाइट के जरिये दवाओं की कीमतों की जांच कर सकते हैं। इसमें कहा गया कि उपभोक्ता अधिक कीमत वसूलने या मूल्य से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत ‘फार्मा जन समाधान’ मंच पर दर्ज करा सकते हैं या एनपीपीए की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर संपर्क कर सकते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story