खुदरा महंगाई दर में लगातार चौथे महीने इजाफा, जुलाई में 4.45 फीसदी पर पहुंची

WhatsApp Channel Join Now
खुदरा महंगाई दर में लगातार चौथे महीने इजाफा, जुलाई में 4.45 फीसदी पर पहुंची


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। आलू-प्याज जैसे खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से खुदरा महंगाई दर में लगातार चौथे महीने इजाफा दर्ज हुआ है। जुलाई में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.45 फीसदी पर पहुंच गई है।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के मुताबिक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर जुलाई में मामूली बढ़कर 4.45 फीसदी पर पर पहुंच गई है। इससे पिछले महीने जून में यह 4.38 फीसदी के स्तर पर थी।आंकड़ों के अनुसार जुलाई में खाद्य महंगाई बढ़कर 5.52 फीसदी हो गई, जो इससे पिछले महीने 5.32 फीसदी रही थी। मंत्रालय ने कहा कि खाने-पीने की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी इसकी बड़ी वजह रही है। जुलाई की खुदरा महंगाई दर का यह आंकड़ा नई सीपीआई सीरीज पर आधारित है, जिसमें 2024 को आधार वर्ष माना गया है।

एनएसओ के मुताबिक ग्रामीण भारत में कुल खुदरा महंगाई जुलाई में 4.84 फीसदी रही है, जबकि जून में यह 4.74 फीसदी थी। शहरों में महंगाई 3.93 फीसदी से मामूली बढ़कर 3.96 फीसदी हो गई। खाने-पीने की चीजों के अलावा कपड़े और जूते भी ग्रामीण इलाकों में ज्यादा महंगे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी महंगाई दर 3.97 फीसदी रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 2.41 फीसदी थी।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) को खुदरा महंगाई दर को दो फीसदी घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आरबीआई ने इस महीने की शुरुआत में महंगाई संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए नीतिगत दर रेपो रेट को 5.1 फीसदी पर यथावत रखा था। आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई के अनुमान को 5.1 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story