रिजर्व बैंक ने वित्तीय बाजारों के लिए गठित की तकनीकी सलाहकार समिति

WhatsApp Channel Join Now
रिजर्व बैंक ने वित्तीय बाजारों के लिए गठित की तकनीकी सलाहकार समिति


रिजर्व बैंक ने वित्तीय बाजारों के लिए गठित की तकनीकी सलाहकार समिति


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने बुधवार को वित्तीय बाजारों के लिए तकनीकी परामर्श समिति (टीसीसीएफएम) गठित करने की घोषणा की है। ये समिति मुद्रा बाजार और सरकारी प्रतिभूतियों सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत तथा परिचालन मामलों पर ध्यान देगी।

आरबीआई ने एक अधिसूचना में बताया कि समिति की अध्यक्षता वित्तीय बाजार विनियमन विभाग (एफएमआरडी) के प्रभारी डिप्टी गवर्नर करेंगे। वर्तमान में ये जिम्मेदारी डिप्टी गवर्नर रोहित जैन के पास है। अधिसूचना के अनुसार ये समिति मुद्रा, सरकारी प्रतिभूतियों और विदेशी मुद्रा बाजारों के साथ-साथ उनसे जुड़े डेरिवेटिव (वायदा एवं विकल्प) बाजारों और बुनियादी ढांचे से संबंधित नीतिगत एवं परिचालन मामलों पर बाजार प्रतिभागियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ संरचनात्मक विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराएगी।

इस समिति के सदस्यों में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्व पूर्णकालिक सदस्य और आईआईटी बंबई में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस अनंत नारायण, एक्सिस बैंक के कार्यकारी निदेशक नीरज गंभीर, आईसीआईसीआई बैंक में ट्रेजरी एवं आर्थिक अनुसंधान प्रमुख शैलेंद्र झिंगन और सिटीबैंक इंडिया में प्रबंध निदेशक एवं बाजार प्रमुख आदित्य बागरी हैं। इसके अलावा समिति में एफआईएमएमडीए के चेयरमैन एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के उप प्रबंध निदेशक शमशेर सिंह, सीसीआईएल के प्रबंध निदेशक नंद किशोर और मॉर्गन स्टेनली इंडिया के प्रबंध निदेशक रिधम देसाई भी सदस्य हैं।

केंद्रीय बैंक ने कहा कि समिति कारोबार, समाशोधन, निपटान, रिपोर्टिंग और बाजार के अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ संबंधित नियामकीय और परिचालन ढांचों पर भी विचार करेगी। आरबीआई ने कहा कि समिति की बैठक कम से कम प्रत्येक तिमाही में एक बार होगी। यह कदम 7 अक्तूबर को 'विकासात्मक और विनियामक नीतियों' पर जारी बयान के अनुरूप उठाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story