रेनो की 'डस्टर' नए अवतार में लॉन्च, शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
रेनो की 'डस्टर' नए अवतार में लॉन्च, शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये


नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स)। फ्रांसीसी कार निर्माता कंपनी रेनो ने मंगलवार को भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी 'डस्टर' को बिल्कुल नए अवतार में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये तय की है। देशभर में इसकी डिलीवरी आज से ही शुरू हो गई है।

रेनो इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) फ्रांसिस्को हिडाल्गो के मुताबिक नई डस्टर भारतीय ग्राहकों की उम्मीदों के अनुरूप मजबूत प्रदर्शन, टिकाऊपन और रोजमर्रा की उपयोगिता वाली खूबियों से लैस है। हमें उम्मीद है कि यह भारतीय ग्राहकों को एक भरोसेमंद विकल्प देगी।

कंपनी ने बताया कि नई डस्टर में टर्बो टीसीई 1.0 लीटर और 1.6 लीटर वाले दो इंजन विकल्प उपलब्ध हैं। इसे मैनुअल ट्रांसमिशन के अलावा डीसीटी ट्रांसमिशन के साथ भी पेश किया गया है। पांच संस्करणों में उपलब्ध इस मॉडल के शुरुआती संस्करण की शोरूम कीमत 10.49 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि, 31 मार्च तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को यह संस्करण 10.29 लाख रुपये की शोरूम कीमत पर ही मिल जाएगा।

रेनो ने इस एसयूवी को फुल एलईडी लाइटिंग, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट, एडास फीचर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर के साथ पेश किया है। कंपनी ने इस पर सात साल की वारंटी की भी घोषणा की है। नई डस्टर को देशभर में रेनो के 350 से अधिक बिक्री और 450 से अधिक सर्विस सेंटर के नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story