आरबीआई के जून एमपीसी फैसले का शुक्रवार सुबह 10 बजे ऐलान करेंगे संजय मल्होत्रा

WhatsApp Channel Join Now
आरबीआई के जून एमपीसी फैसले का शुक्रवार सुबह 10 बजे ऐलान करेंगे संजय मल्होत्रा


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की द्विमासिक समीक्षा बैठक के फैसले का ऐलान शुक्रवार सुबह 10 बजे गवर्नर संजय मल्होत्रा करेंगे। हालांकि, आरबीआई की नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में इस बार भी बदलाव की संभावना कम है।

आरबीआई ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि रिजर्व बैंक अपनी तीन दिवसीय मौद्रिक नीति की समीक्ष बैठक के नतीजों की घोषणा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिजर्व बैंक गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में छह सदस्यीय एमपीसी पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच गिरती मुद्रा, ईंधन संकट, ब्याज दरों, महंगाई के दृष्टिकोण और आर्थिक विकास की संभावनाओं की समीक्षा 3 जून से कर रही है।

रिजर्व बैंक के मुताबिक एमपीसी की जून महीने की तीन दिवसीय द्विमासिक समीक्षा बैठक 3 जून से 5 जून तक चलेगी। आरबीआई गवर्नर इसके नीतिगत निर्णय की जानकारी शुक्रवार सुबह 10 बजे देंगे, जिसके बाद गवर्नर संजय मल्होत्रा दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। केंद्रीय बैंक के मुताबिक मौद्रिक नीति वक्तव्य और मौद्रिक नीति के बाद होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस की लाइव स्ट्रीम के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके https://youtube.com/live/9u3MtqbdZ44?feature=share आप जुड़ सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि आरबीआई ने अप्रैल महीने की एमपीसी की समीक्षा बैठक में सर्वसम्मति से तटस्थ रुख अपनाते हुए रेपो रेट को 5.25 फीसदी पर बरकरार रखा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story