आरबीआई ने जनवरी में हाजिर मुद्रा बाजार से 2.53 अरब डॉलर खरीदे
नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने जनवरी में हाजिर मुद्रा बाजार से शुद्ध रूप से 2.53 अरब डॉलर की खरीदारी की। आरबीआई ने अमेरिकी डॉलर की यह खरीद लगातार सात महीनों की शुद्ध डॉलर बिक्री के बाद की है।
केंद्रीय बैंक ने सोमवार को अपने मासिक बुलेटिन में जानकारी दी कि पिछली बार मई, 2025 में हाजिर मुद्रा बाजार से 1.76 अरब अमेरिकी डॉलर की खरीद की गई थी। आंकड़ों के अनुसार आरबीआई ने दिसंबर में 10.02 अरब, नवंबर में 9.71 अरब, अक्टूबर में 11.88 अरब, सितंबर में 7.91 अरब, अगस्त में 7.69 अरब, जुलाई में 2.54 अरब और जून में 3.66 अरब अमेरिकी डॉलर की शुद्ध बिक्री की।
बुलेटिन के मुताबिक सकल आधार पर केंद्रीय बैंक ने जनवरी में 27.99 अरब यूएस डॉलर की खरीद और 25.473 अरब अमेरिकी डॉलर की बिक्री की। विदेशी निवेश और भारत-अमेरिका के अंतरिम व्यापार समझौते की घोषणा से फरवरी के पहले सप्ताह में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ और उसके बाद लगभग स्थिर बना रहा। हालांकि, पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक बाजार में बढ़ती अस्थिरता के कारण मार्च में 20 मार्च तक रुपये की विनिमय दर पर दबाव पड़ा और उसमें गिरावट आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

