प्रायोरिटी ज्वेल्स का आईपीओ 28 अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 190-200 रुपये प्रति शेयर

WhatsApp Channel Join Now

प्रायोरिटी ज्वेल्स का आईपीओ 28 अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 190-200 रुपये प्रति शेयर


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। आभूषण विनिर्माता कंपनी प्रायोरिटी ज्वेल्स लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 28 अगस्त को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 1 सितंबर तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 190-200 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

प्रायोरिटी ज्वेल्स लिमिटेड के इस आईपीओ के तहत 45.75 लाख तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। कंपनी के मुताबिक 10 रुपये अंकित मूल्य वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 75 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 75 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं। इसमें निवेश करने के लिए बड़े (एंकर) निवेशक 27 अगस्त को बोली लगा सकते हैं। कंपनी नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने और सामान्य कामकाज के लिए करेगी। कंपनी के शेयरों को चार सितंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का भी प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि 2007 में बनी यह कंपनी हल्के वजन वाली, किफायती एवं हीरे जड़ी सोने और प्लेटिनम की बेहतरीन ज्वेलरी की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग तथा बिक्री का काम करती है। यह कंपनी भारत के साथ-साथ चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्वतंत्र ज्वेलर्स और ज्वेलरी चेन को सीधे अपने उत्पाद बेचती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story