हुंडई मोटर इंडिया के वाहनों के दाम 01 दिसंबर से 8 हजार रुपये तक बढ़ेंगे

WhatsApp Channel Join Now
हुंडई मोटर इंडिया के वाहनों के दाम 01 दिसंबर से 8 हजार रुपये तक बढ़ेंगे


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने बढ़ती लागत के दबाव के बीच अपने चुनिंदा वाहन मॉडल और उनके संस्करणों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी 01 दिसंबर से इनके दाम 8 हजार रुपये तक बढ़ाएगी।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि हुंडई मोटर इंडिया ने 1 दिसंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडलों और ट्रिम्स की कीमतें 8 हजार रुपये तक बढ़ाने की योजना बनाई है। कंपनी के मुताबिक कार की कीमतों में यह बढ़ोतरी मॉडल और ट्रिम के हिसाब से अलग-अलग होगी।

दक्षिण कोरियाई वाहन विनिर्माता कंपनी ने इस कैलेंडर वर्ष में इस बढ़ोतरी से पहले अब तक कीमतें 1.4 फीसदी तक बढ़ाई है। इसमें सितंबर में की गई 0.4 फीसदी की वृद्धि भी शामिल है। हुंडई मोटर इंडिया ने कहा कि कच्चे माल की लागत में भारी वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा है।

हुंडई मोटर इंडिया ने कहा कि कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ा है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसका कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन घटकर 9.5 फीसदी रह गया है, जो पिछले साल पहले इसी अवधि में 13.9 फीसदी था। इस दौरान कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर करीब 24 फीसदी घट गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मारुति सुजुकी ने भी लागत के लगातार बढ़ते दबाव का हवाला देते हुए 22 नवंबर से अपने चुनिंदा वाहन मॉडल की कीमतें बढ़ाई थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story