प्रह्लाद जोशी चेन्नई में 8 अक्टूबर को विंडरजी इंडिया-2026 का करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
प्रह्लाद जोशी चेन्नई में 8 अक्टूबर को विंडरजी इंडिया-2026 का करेंगे उद्घाटन


प्रह्लाद जोशी चेन्नई में 8 अक्टूबर को विंडरजी इंडिया-2026 का करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी 8 अक्टूबर को चेन्नई ट्रेड सेंटर में 'विंडरजी इंडिया' के आठवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे, जिससे भारत के प्रमुख पवन ऊर्जा शो की शुरुआत होगी।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक 'विंडरजी इंडिया' का 8वां संस्करण 7 से 9 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम की शुरुआत एक बड़े उद्घाटन समारोह के साथ होगी, जिसमें नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक और तमिलनाडु सरकार के ऊर्जा संसाधन तथा कानून मंत्री थिरु सीटीआर निर्मल कुमार सम्मिलित होंगे। इस कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, पवन ऊर्जा संघ और उद्योग के दिग्गज भी उपस्थित रहेंगे।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि तीन दिन के व्यापार मेला में दो दिन का सम्मेलन, तकनीकी सत्र, राउंड टेबल चर्चा, सजीव प्रदर्शन, बी2बी और बी2जी बैठकें और शैक्षणिक सत्र होंगे। यह विशेष आयोजन पवन ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक वैश्विक केंद्र भी बनेगा, जिसमें 20 से अधिक देशों के करीब 400 वैश्विक प्रदर्शक और 500 प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके साथ ही डेनमार्क, जर्मनी और स्पेन के विशेष देश मंडप भी इसकी विशेषता बढ़ाएंगे।

इस कार्यक्रम में घरेलू स्तर पर मूल्य वर्धन, अगली पीढ़ी के उन्नत टरबाइन मंच, हेवी-ड्यूटी गियरबॉक्स, एआईI-आधारित ओ एंड एम (ऑपरेशन और मेंटेनेंस) और ऑफशोर पवन क्षमताओं पर जोर दिया जाएगा। इस सम्मेलन में योजना रूपरेखा, विनिर्माण में प्रतिस्पर्धा, मजबूती प्रदान करने की रणनीतियों और ऑफशोर पवन ऊर्जा के नए आयामों पर उच्च स्तरीय चर्चाएं होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story