पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन का मुनाफा छह फीसदी बढ़कर 8,212 करोड़ रुपये हुआ

WhatsApp Channel Join Now
पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन का मुनाफा छह फीसदी बढ़कर 8,212 करोड़ रुपये हुआ


नई दिल्‍ली, 05 फरवरी (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन (पीएफसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 दिसंबर को समाप्‍त अक्‍टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा लगभग छह फीसदी बढ़कर 8,211.90 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी ने गुरुवार को शेयर बाजार को बताया कि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में उसका मुनाफा 7,759.56 करोड़ रुपये रहा था। इस बीच कंपनी के निदेशक मंडल ने इस तिमाही के लिए प्रति शेयर चार रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में कंपनी की कुल आय करीब नौ फीसदी बढ़कर 29,140.57 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि में 26,821.84 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा अप्रैल से दिसंबर अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 13 फीसदी बढ़कर 25,028 करोड़ रुपये रहा जबकि वित्त वर्ष 2024-25 की समान अवधि में यह 22,157 करोड़ रुपये था।

पीएफसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) परमिंदर चोपड़ा ने कहा कि कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के नौ महीनों में मजबूत प्रदर्शन किया है। इस दौरान ऋण परिसंपत्तियों में सालाना आधार पर 13 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ा ऋण खंड 28 प्रतिशत बढ़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story