सैन्य अधिकारियों, जवानों के लिए दो विशेष क्रेडिट कार्ड जारी करेगा पीएनबी

WhatsApp Channel Join Now
सैन्य अधिकारियों, जवानों के लिए दो विशेष क्रेडिट कार्ड जारी करेगा पीएनबी


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र का पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) भारतीय सेना के अधिकारियों और जवानों के लिए दो विशेष क्रेडिट कार्ड जारी करेगा। ये कार्ड्स रुपे और वीजा प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।

पंजाब नेशनल बैंक ने शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया कि 20 अगस्त, 2026 को हुए समझौते के तहत सेना के अधिकारियों के लिए 'पीएनबी लक्सर मेटल क्रेडिट कार्ड' और जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) तथा अन्य रैंक के कर्मियों के लिए 'पीएनबी पराक्रम क्रेडिट कार्ड' उपलब्ध कराया जाएगा। पीएनबी के अनुसार सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को विशेष सुविधाओं वाले इन कार्ड पर कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) से खरीदारी पर तीन फीसदी की छूट, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के लाउंज में मुफ्त प्रवेश और एक टिकट खरीदने पर दूसरा फिल्म टिकट मुफ्त मिलने जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

पंजाब नेशनल बैंक ने बताया कि इस आशय के समझौता ज्ञापन पर दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में मेजर जनरल वीके पुरोहित और पीएनबी के क्रेडिट कार्ड प्रभाग के महाप्रबंधक दीपक कुमार ने हस्ताक्षर किए हैं। इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल वीरेश प्रताप सिंह कौशिक, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव पुरी, पीएनबी के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा और मुख्य महाप्रबंधक सुधीर दलाल भी मौजूद रहे।

बैंक के प्रमुख अशोक चंद्रा ने बताया कि पीएनबी का भारतीय सशस्त्र बलों के साथ गहरा जुड़ाव है और यह साझेदारी सैन्य कर्मियों की जरूरतों के अनुरूप वित्तीय उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक के प्रयासों को आगे बढ़ाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story