भारत की आठ-नौ और देशों के समूहों के साथ एफटीए पर जारी है बातचीत : गोयल
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत कम से कम आठ नौ और देशों के समूहों तथा अलग-अलग देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के लिए वार्ता कर रहा है। इनसे कुल 15 हजार अरब डॉलर की अतिरिक्त सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वाली अर्थव्यवस्थाओं तक भारत की पहुंच बनेगी।
जापान दौरे पर यहां पहुंचे गोयल ने भारत और जापान के कारोबारी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का घरेलू बाजार बड़ा है और वह दुनिया के लिए अपने दरवाजे खोल रहा है। पिछले चार वर्षों में भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से अंततः वैश्विक व्यापार का करीब 75 फीसदी हिस्सा भारत के लिए खुल जाएगा। गोयल ने बताया कि इससे देश को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भरोसेमंद भागीदार के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन नौ समझौतों के तहत 38 विकसित देशों समेत कुल 60 हजार अरब डॉलर की जीडीपी वाली अर्थव्यवस्थाएं आती हैं। मंत्री ने कहा कि जापान और कोरिया समेत विभिन्न देशों तथा आसियान क्षेत्र के साथ पहले किए गए व्यापार समझौतों से 10 हजार अरब डॉलर की अतिरिक्त जीडीपी तक पहुंच बनी है। गोयल ने कहा कि आज भारत 70 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए तरजीही बाजार पहुंच के दरवाजे खोल रहा है। हम कम से कम आठ या नौ अन्य देशों के समूहों या देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं, जिससे 15 हजार अरब डॉलर और जुड़ेंगे।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने टोक्यो में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत सुमितोमो कॉर्पोरेशन के प्रेसिडेंट और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शिंगो उएनो के साथ एक बेहतरीन बैठक से की। इस दौरान एनर्जी ट्रांसफॉर्मेशन, मोबिलिटी और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्रों में भारत के साथ कंपनी के जुड़ाव को और गहरा करने के अवसरों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने टोक्यो इलेक्ट्रॉन लिमिटेड के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की, जिसका नेतृत्व कॉर्पोरेट ऑफिसर और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (ग्लोबल सेल्स डिवीजन और इंडिया बिज़नेस) ताकेशी ओकुबो कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने मेइजी सेइका फार्मा कंपनी लिमिटेड के प्रेसिडेंट और रिप्रेजेंटेटिव डायरेक्टर, मिस्टर तोशियाकी नागासातो से मुलाकात की।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री जापान के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। गोयल दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 200 से अधिक प्रतिनिधियों वाले एक बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

