(लीड) देश में महंगा हुआ प्रीमियम पेट्रोल, इंडस्ट्रियल डीजल की भी बढ़ी कीमत

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) देश में महंगा हुआ प्रीमियम पेट्रोल, इंडस्ट्रियल डीजल की भी बढ़ी कीमत


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी जंग का असर अब भारत में पेट्रोलियम उत्पातों की कीमत पर साफ साफ नजर आने लगा है। इस जंग की शुरुआत होते ही पहले एलपीजी सिलेंडर के भाव में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। अब ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में भी बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि नॉर्मल पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रीमियम पेट्रोल की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर से अधिक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस ऐलान के साथ ही तत्काल स्पीड और पावर नाम से बिकने वाला प्रीमियम पेट्रोल अब 2.09 रुपये लीटर तक महंगा हो गया है। पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 111.68 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़ कर 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत भी बढ़ा दी है। अब इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 109.59 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की ओर से ये बढ़ोतरी सिर्फ प्रीमियम पेट्रोल या इंडस्ट्रियल डीजल के भाव में की गई है। नॉर्मल पेट्रोल या डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल देश की राजधानी दिल्ली में नॉर्मल पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर है। इसी तरह नॉर्मल डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में नॉर्मल पेट्रोल की कीमत 103.50 रुपये प्रति लीटर है, जबकि नॉर्मल डीजल आज भी 90.03 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।

प्रीमियम पेट्रोल में नॉर्मल पेट्रोल की तुलना में ऑक्टेन नंबर ज्यादा होता है। आमतौर पर यह नंबर 95 या उससे ऊपर का होता है। नॉर्मल पेट्रोल का ऑक्टेन नंबर 91 होता है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़ने का सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो हाई-ऑक्टेन फ्यूल का इस्तेमाल करते हैं। दावा किया जाता है कि हाई ऑक्टेन फ्यूल का इस्तेमाल करने से इंजन का परफॉर्मेंस बेहतर होता है। इसके साथ ही इसके इस्तेमाल से गाड़ी का माइलेज भी बढ़ जाता है।

हालांकि, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में की गई इस बढ़ोतरी की कोई साफ वजह नहीं बताई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हो रहे उतार-चढ़ाव और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े खर्चों में हुई बढ़ोतरी के कारण इनकी कीमत बढ़ाई गई है।

नॉर्मल पेट्रोल और इंडस्ट्रियल डीजल की कीमत में आज की गई बढ़ोतरी के पहले देश में एलपीजी की गैस की कीमतों में इजाफा किया गया था। कीमत में की गई बढ़ोतरी के बाद से ही गैस संकट की आशंका को लेकर देश भर में कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर को लेकर मारामारी मची हुई है। इस महीने की शुरुआत में ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 28 रुपये से लेकर 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 7 मार्च को घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपये और कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story