आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अबतक चार करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल
नई दिल्ली, 27 जुलाई (हि.स.)। आयकर विभाग ने सोमवार को कहा कि आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अबतक 4 करोड़ आयकर रिटर्न भरे गए हैं। विभाग ने करदाताओं से 31 जुलाई, 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपना आयकर रिटर्न (आईटीआर) को दाखिल करने की अपील की है।
आयकर विभाग ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में करदाताओं से 31 जुलाई से पहले आयकर रिटर्न आईटीआर-एक (सहज) और आईटीआर-दो भरने को कहा है। विभाग ने करदाताओं से अपील की है कि 31 जुलाई, 2026 की डेडलाइन के तनाव से बचें और अपना आईटीआर-1 और आईटीआर-2 समय से पहले फाइल करें।
विभाग ने कहा कि आखिरी समय की भागदौड़ से बचने के लिए आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अपना आईटीआर-1 और आईटीआर-2 अभी http://incometax.gov.in पर जाकर फाइल करें।
उल्लेखनीय है कि आईटीआर-1 (सहज) एक सरल फॉर्म है, जिसे छोटे और मध्यम आय वर्ग के बड़ी संख्या में करदाताओं के लिए तैयार किया गया है। यह फॉर्म उन निवासी व्यक्तिगत करदाताओं के लिए है, जिनकी वार्षिक आय 50 लाख रुपये तक है और जिनकी आय वेतन, एक आवासीय संपत्ति तथा कृषि से सालाना 5 हजार रुपये रुपये तक होती है। वहीं, आईटीआर-2 उन व्यक्तिगत करदाताओं और हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के लिए है, जिनकी आय व्यवसाय या पेशे से नहीं होती है, लेकिन उन्हें पूंजीगत लाभ से आय प्राप्त होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

