ओडिशा से ऑस्ट्रिया को सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली खेप रवाना

WhatsApp Channel Join Now
ओडिशा से ऑस्ट्रिया को सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली खेप रवाना


ओडिशा से ऑस्ट्रिया को सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली खेप रवाना


नई दिल्ली, 20 जून (हि.स)। यूरोपीय बाजार में देहरादून की लीची के बाद अब ओडिशा के सूखे साबुत अंडे के पाउडर ने भी दस्तक दे दी है। ओडिशा के बलांगीर जिले से ऑस्ट्रिया के लिए सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली निर्यात खेप रवाना की गई है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत आने वाला कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से ओडिशा के बलांगीर जिले से ऑस्ट्रिया के लिए सूखे साबुत अंडे के पाउडर की पहली व्यावसायिक खेप का सफलतापूर्वक निर्यात किया गया।

मंत्रालय ने कहा कि 22.6 मीट्रिक टन सूखे साबुत अंडे के पाउडर वाले एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट को एपीडा के चेयरमैन अभिषेक देव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाई है। इस अवसर पर ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास विभाग के कमिश्नर-सह-सेक्रेटरी प्रेम चंद और बालांगीर के कलेक्टर और डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट गौरव शिवाजी इसलवार मौजूद रहे। इसके अलावा एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि और एपीडा के सीनियर अधिकारी और अन्य स्टेकहोल्डर्स ने भी इसमें हिस्सा लिया।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह खेप एपीडा रजिस्टर्ड एक्सपोर्टर, ओवो फार्म प्राइवेट लिमिटेड, बलांगीर द्वारा एक्सपोर्ट की गई। यह भारत से वैल्यू-एडेड कृषि और प्रोसेस्ड फूड के एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story