एनएसई पर 13 अप्रैल को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की होगी लॉन्चिंग, इंडियन नेचुरल गैस फ्यूचर्स की भी जल्द होगी शुरुआत
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) 13 अप्रैल से एनएसई डेटेड ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की शुरुआत करने जा रहा है। इसके लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने एस एंड पी ग्लोबल एनर्जी के साथ एक स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही एनएसई अगली तिमाही में इंडियन नेचुरल गैस कॉन्ट्रैक्ट्स भी शुरू करने वाला है। इसके लिए एनएसई को मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) से मंजूरी मिल गई है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि एनएसई डेटेड ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की लॉन्चिंग होने से एनएसई के एनर्जी सेगमेंट ऑफरिंग में बड़ा विस्तार होगा। इसी तरह इंडियन नेचुरल गैस कॉन्ट्रैक्ट्स की शुरुआत नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एनर्जी डेरिवेटिव्स पोर्टफ़ोलियो को बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम होगा। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि एनएसई का यह कदम उसके एनर्जी डेरिवेटिव्स पोर्टफोलियो को बढ़ावा देने के उसके कमिटमेंट का भी संकेत है, जिसका फायदा उसे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को आकर्षित करने में मिलेगा।
बता दें कि फिलहाल एनएसई के पास वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड कॉन्ट्रैक्ट्स में 16 प्रतिशत मार्केट शेयर है। जानकारों का कहना है कि एनएसई ने अगले कॉन्ट्रैक्ट एक्सपायरी तक इसे 30 प्रतिशत से भी अधिक करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एनएसई के योजनाकारों को उम्मीद है कि ब्रेंट क्रूड और नैचुरल गैस फ्यूचर्स की शुरुआत होने पर एनर्जी डेरिवेटिव्स मार्केट में एनएसई को अपनी मौजूदगी मज़बूत करने में मदद मिलेगी और इससे ग्लोबल पार्टिसिपेंट्स का एक बड़ा वर्ग भी इसमें निवेश करने के लिए आकर्षित होगा।
फिलहाल भारत में कमोडिटी मार्केट पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज(एमसीएक्स) हावी है। ऐसी स्थिति में एनएसई के स्ट्रेटेजिक विस्तार से एनर्जी सेगमेंट में कॉम्पिटिशन बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही इसकी वजह से एनर्जी सेंगमेंट में ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी तुलनात्मक रूप से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

