एनएमडीसी ने लौह अयस्क के दाम 11.1 फीसदी तक बढ़ाए, नई दरें 5 अप्रैल से लागू

WhatsApp Channel Join Now
एनएमडीसी ने लौह अयस्क के दाम 11.1 फीसदी तक बढ़ाए, नई दरें 5 अप्रैल से लागू


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स)। देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी ने लौह अयस्क के दामों में 11.1 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 5 अप्रैल से प्रभावी हो गई है।

कंपनी ने सोमवार को बीएसई, एनएसई और द कलकत्ता स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड को अपने लौह अयस्क के दामों में 11.1 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने की जानकारी दी। कंपनी ने बताया कि पांच अप्रैल से लौह अयस्क की कीमतों में बदलाव किया गया है। एनएमडीसी ने कहा कि संशोधित कीमतें ‘फ्री-ऑन-रेल’ (एफओआर) आधार पर तय की गई हैं। इनमें रॉयल्टी, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) शुल्क, राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण न्यास (एनएमईटी) अंशदान, माल एवं सेवा कर, पर्यावरण उपकर और अन्य कर जैसे वैधानिक शुल्क शामिल नहीं हैं। कंपनी ने बताया कि नई कीमतें पांच अप्रैल से प्रभावी हो गईं है।

कंपनी की ओर से दी गई सूचना के मुताबिक बैलाडीला खदानों (छत्तीसगढ़) से उत्पादित उच्च गुणवत्ता वाले बायला लंप (65.5 फीसदी लौह अंश) के दाम में 10.4 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। बायला फाइंस (64 फीसदी लौह अंश) के दाम 11.1 फीसदी बढ़ाए गए हैं। बायला फाइंस 10 मिलीमीटर से कम आकार का उच्च गुणवत्ता वाला लौह अयस्क उत्पाद है, जो बैलाडीला क्षेत्र की खदानों से प्राप्त होता है।

कंपनी के शेयर में आज (6 अप्रैल) को तेजी जारी रही। बीएसई पर शेयर शुरुआती कारोबार में पिछले बंद भाव 3 फीसदी तक चढ़कर 80.75 रुपये के हाई तक चला गया। एनएमडीसी ने हाल ही में समाप्त वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 5.3 करोड़ टन लौह अयस्क का उत्पादन किया और 5.02 करोड़ टन लौह अयस्क की बिक्री दर्ज की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story