मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ लॉन्च, पहले घंटे में ही हुआ फुली सब्सक्राइब

WhatsApp Channel Join Now
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ लॉन्च, पहले घंटे में ही हुआ फुली सब्सक्राइब


मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का आईपीओ लॉन्च, पहले घंटे में ही हुआ फुली सब्सक्राइब


नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। एयरोस्पेस, डिफेंस, रेलवे और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री के लिए हाई-एक्यूरेसी वाले मशीनी पार्ट्स और सब असेंबली बनाने वाली प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का 160.34 करोड़ रुपये का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया। इस आईपीओ में 16 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 17 जुलाई को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 20 जुलाई को अलॉटेड शेयर डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयर 21 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। लॉन्चिंग के बाद पहले घंटे में ही ये पब्लिक इश्यू फुली सब्सक्राइब हो गया। इसके बाद भी लगातार बोलियां लगती रहीं, जिसके कारण दोपहर 1:30 बजे तक ये आईपीओ 5.74 गुना सब्सक्राइब हो चुका था।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 315 रुपये से लेकर 331 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 400 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को दो लॉट यानी 800 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,64,800 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 48.44 लाख नए शेयर जारी हो रहे हैं।

इस आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 45.61 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 31.94 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (एनआईआई) के लिए 13.70 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। इसके अलावा मार्केट मेकर के लिए 8.75 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस इश्यू के लिए जीवाईआर कैपिटल एडवाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि पूर्वा शेयरगिस्ट्री (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार बनाया गया है। पेस स्टॉक ब्रोकिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मार्केट मेकर है।

मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 1.95 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 5.25 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 37.06 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 9.40 करोड़ का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 22.42 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी को 153.40 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका था। इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज का बोझ भी लगातार बढ़ता गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 4.57 करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 9.63 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें, तो इस वित्त वर्ष के अंत तक कंपनी पर लदे कर्ज का बोझ 17.02 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी रॉकेट के रफ्तार से बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का नेटवर्थ 2.33 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 23.31 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी का नेटवर्थ जोरदार उछाल के साथ 51.05 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो इस अवधि में कंपनी इस मोर्चे पर भी जबरदस्त बढ़त हासिल करने में सफल रही। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 2.28 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 23.25 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 69.90 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया था।

इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 2.78 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 7.89 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 56.30 करोड़ रुपये के स्तर पर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story