अगले सप्ताह सिर्फ 2 नए आईपीओ की लॉन्चिंग, 9 कंपनियों के शेयरों की होगी लिस्टिंग

WhatsApp Channel Join Now
अगले सप्ताह सिर्फ 2 नए आईपीओ की लॉन्चिंग, 9 कंपनियों के शेयरों की होगी लिस्टिंग


नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। सोमवार यानी 19 अक्टूबर से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में नई लॉन्चिंग के लिहाज से मामूली हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह जियो प्लेटफॉर्म्स समेत दो बड़ी कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। ये दोनों ही आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं। इन दो नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह खुले चार अन्य मेनबोर्ड आईपीओ और एक एसएमई आईपीओ में भी इस सप्ताह के पहले दिन निवेशक बोली लगा सकेंगे। इस सप्ताह कुल 9 कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं, जिससे लिस्टिंग के लिहाज से भी यह सप्ताह काफी व्यस्त रहेगा।

इस सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 21 अक्टूबर को रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का विशाल आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 23 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 1,065 रुपये से लेकर 1,119 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 12 शेयरों का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर हो सकती है। यह भारत के इतिहास का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ होने जा रहा है।

21 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स के साथ हेल्थकेयर सेक्टर की बड़ी कंपनी पारस हेल्थकेयर का 1,450 करोड़ रुपये का आईपीओ भी सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस पब्लिक इश्यू में भी निवेशक 23 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी ने इस आईपीओ के लिए 660 रुपये से लेकर 693 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है, जबकि इसका लॉट साइज 21 शेयरों का है। इश्यू बंद होने के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर होने की उम्मीद है।

इन नए आईपीओ के अलावा, पिछले सप्ताह 15 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग बिजनेसेज के 5,012.33 करोड़ रुपये के बड़े आईपीओ में कल यानी 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में निवेशक 143 रुपये से लेकर 151 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड में बोली लगा सकते हैं, जबकि लॉट साइज 99 शेयरों का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 23 अक्टूबर को कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। इस पब्लिक इश्यू को अभी तक 0.31 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।

इसी तरह 15 अक्टूबर को ही खुला बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन का 2,533.66 करोड़ रुपये का आईपीओ भी कल यानी 19 अक्टूबर को बंद होने जा रहा है। इस आईपीओ के लिए 558 रुपये से लेकर 586 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है और इसका लॉट साइज 25 शेयरों का है। इस पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल वाले इश्यू की लिस्टिंग भी 23 अक्टूबर को तय की गई है। दूसरे दिन की बोली खत्म होने तक इस आईपीओ को 0.99 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।

इसके अलावा, पिछले हफ्ते खुले टोंबो इमेजिंग इंडिया के 852.18 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी सोमवार यानी 19 अक्टूबर तक ही आवेदन करने का मौका है। कंपनी ने इसके लिए 665 रुपये से लेकर 700 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड और 21 शेयरों का लॉट साइज तय किया है। इस इश्यू को निवेशकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिसके कारण दूसरे दिन के अंत तक यह 7.77 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। इसके शेयरों की भी 23 अक्टूबर को ही एनएसई और बीएसई के जरिये बाजार में एंट्री भी होने की संभावना है।

सब्सक्रिप्शन के लिए ओपेन चौथा आईपीओ सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज (एमएमटी) का है, जिसका साइज 475.48 करोड़ रुपये है । इस इश्यू में भी 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकती है। इसमें निवेश करने के लिए 327 रुपये प्रति शेयर से लेकर 344 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 43 शेयरों का है। इस आईपीओ की लिस्टिंग भी सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी 23 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर होने जा रही है।

मेनबोर्ड के इन चार आईपीओ के अलावा एसएमई सेगमेंट के शेल्ज इंडिया के आईपीओ में भी 19 अक्टूबर तक बोली लगाई जा सकती है। 59.97 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 170 रुपये प्रति शेयर से लेकर 179 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। जबकि लॉट साइज 800 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 23 अक्टूबर को कंपनी के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

अगर लिस्टिंग की बात करें तो इस सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 21 अक्टूबर को एचडी फायर प्रोटेक्ट के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होकर अपने कारोबार की शुरुआत करेंगे। इसी दिन वैभव व्यापार लिमिटेड के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इसके अगले दिन 22 अक्टूबर को फ्यूजन सीएक्स के शेयरों की एनएसई और बीएसई के जरिये और रविता इंजीनियरिंग सर्विसेज के शेयरों की एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म के जरिये बाजार में एंट्री होगी। इसके बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी 23 अक्टूबर को जेटवर्क, बोनफिग्लियोली ट्रांसमिशन, टोंबो इमेजिंग और सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होंगे। इसी दिन एसएमई सेगमेंट की कंपनी शेल्ज इंडिया के शेयर भी बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर शेयर बाजार में कदम रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762936 Articles

Share this story