अगले सप्ताह खुलेंगे 3 नए आईपीओ, 4 कंपनियों की लिस्टिंग

WhatsApp Channel Join Now
अगले सप्ताह खुलेंगे 3 नए आईपीओ, 4 कंपनियों की लिस्टिंग


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। सोमवार यानी 13 जुलाई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में सामान्य हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह सिर्फ तीन कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। इनमें दो कंपनियों के आईपीओ मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि शेष एक आईपीओ एसएमई सेगमेंट का है। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले तीन आईपीओ में भी कल यानी 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह चार कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। इनमें दो कंपनियां मेनबोर्ड सेगमेंट की जबकि शेष दो कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन 14 जुलाई को एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का 11,692.91 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 16 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 545 रुपये प्रति शेयर से लेकर 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 26 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड का 126.25 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 16 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 100 रुपये प्रति शेयर से लेकर 105 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 142 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

14 जुलाई को ही मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का 160.34 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 16 जुलाई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 315 रुपये प्रति शेयर से लेकर 331 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 400 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 21 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 09 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले लेजर पावर एंड इंफ्रा के 742 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 203 रुपये प्रति शेयर से लेकर 214 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 70 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 16 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 1.05 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

इसी तरह 09 जुलाई को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले देवसन कैटेलिस्ट के 42.34 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी कल यानी 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 118 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 16 जुलाई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 29.35 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

इसके अलावा 09 जुलाई को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले हैप्पी स्टील्स के 25 करोड़ रुपये के पब्लिक इश्यू में भी कल यानी 13 जुलाई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 62 रुपये प्रति शेयर से लेकर 66 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 16 जुलाई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक 3.14 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 15 जुलार्ई को कुसुमगर लिमिटेड के शेयर एनएसई और बीएसई पर कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं। इसके अगले दिन 16 जुलाई को एनएसई और बीएसई पर ही लेजर पावर एंड इंफ्रा के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इसी दिन एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर हैप्पी स्टील्स के शेयर और बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर देवसन कैटेलिस्ट के शेयर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story