अगले सप्ताह सिर्फ एक नए आईपीओ की लॉन्चिंग, दो कंपिनियों के शेयरों की होगी लिस्टिंग
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। सोमवार यानी 20 अप्रैल से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट काफी हद तक शांत रहने वाला है। इस सप्ताह सिर्फ एक कंपनी अपना आईपीओ लॉन्च कर रही है। इस नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह खुले दो आईपीओ में भी इस सप्ताह निवेशक अपनी बोली लगा सकेंगे। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह जो कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं।
इस सप्ताह खुलने वाला एकमात्र आईपीओ लीपफोर्ज इंजीनियरिंग का है। कंपनी का 79.60 करोड़ रुपये का आईपीओ गुरुवार यानी 23 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 27 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 21 रुपये से लेकर 23 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 6,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 28 अप्रैल को अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 30 अप्रैल को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।
इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 17 अप्रैल को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले सिटियस ट्रांसनेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट के 1,105 करोड़ रुपये के आईपीओ में मंगलवार यानी 21 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 99 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 24 अप्रैल को शेयरों का अलॉटमेंट हो सकता है, जबकि 29 अप्रैल को कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक इस पब्लिक इश्यू को 69 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
इसी तरह 17 अप्रैल को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले मेहुल टेलिकॉम के 27.73 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी मंगलवार यानी 21 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 96 रुपये से लेकर 98 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 22 अप्रैल को शेयरों का अलॉटमेंट हो सकता है, जबकि 24 अप्रैल को कंपनी के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। अभी तक ये पब्लिक इश्यू 3.64 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन प्रॉपशेयर सेलेस्टिया के शेयरों की बीएसई पर लिस्टिंग हो सकती है। यह प्रॉपर्टी शेयर इनवेस्टमेंट ट्रस्ट आरआआईटी की तीसरी स्कीम है। इसी दिन मेहुल टेलिकॉम के शेयर भी बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होकर स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

