अब तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 11.76 फीसदी बढ़कर 14.42 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। अर्थव्यवस्था के र्मोचे पर अच्छी खबर है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 10 नवंबर तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 11.76 फीसदी बढ़कर 14,41,978.91 करोड़ रुपये (करीब 14.42 लाख करोड़ रुपये) पर पहुंच गया है।
आयकर विभाग ने बुधवार को ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी आंकड़ों में बताया कि चालू वित्त वर्ष में 1 अप्रैल से 10 नवंबर के बीच शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 11.76 फीसदी बढ़कर करीब 14.42 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लक्ष्य का 53 फीसदी है।
इस दौरान शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह भी 18 फीसदी बढ़कर 6.32 लाख करोड़ रुपये रहा है। वहीं, व्यक्तिगत करदाताओं, कंपनियों और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) से प्राप्त शुद्ध गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह 5.3 प्रतिशत बढ़कर करीब 7.56 लाख करोड़ रुपये हो गया।
विभाग के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में 10 नवंबर तक प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) से प्राप्त संग्रह 52 फीसदी बढ़कर 54,078 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि में करदाताओं को जारी किए गए रिफंड में सालाना आधार पर 26 फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 3.08 लाख करोड़ रुपये रहा।
आयकर विभाग ने कहा कि सकल आधार पर प्रत्यक्ष कर संग्रह 14 फीसदी बढ़कर 17.50 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें सकल कॉरपोरेट कर संग्रह 8.01 लाख करोड़ रुपये और गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह 8.94 लाख करोड़ रुपये शामिल है।
ये आंकड़ा आयकर विभाग की राष्ट्रीय वेबसाइट पर निम्नलिखित लिंक पर उपलब्ध है, जो https://incometaxindia.gov.in/documents/d/guest/collection-data-as-on-10-11-2026-pdf इस प्रकार है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में प्रत्यक्ष करों से 26.97 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। यह वित्त वर्ष 2025-26 में प्राप्त 23.40 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 15 फीसदी अधिक है। सरकार अब तक इस लक्ष्य का करीब 53 फीसदी यानी 14.42 लाख करोड़ रुपये जुटा चुकी है। ये आंकड़े 10 नवंबर तक के हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

