एनसीडीईएक्स पर बिनौला खली और ग्वार कॉम्प्लेक्स में लौटी चमक, हल्दी और धनिया में मुनाफावसूली हावी

WhatsApp Channel Join Now
एनसीडीईएक्स पर बिनौला खली और ग्वार कॉम्प्लेक्स में लौटी चमक, हल्दी और धनिया में मुनाफावसूली हावी


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) पर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आज कृषि जिंसों के कारोबार में मिला-जुला रुख नजर आ रहा है। पिछले सप्ताह की गिरावट के बाद आज सुबह बिनौला खली और ग्वार कॉम्प्लेक्स में निचले स्तरों पर अच्छी खरीदारी लौट आई है, जबकि हल्दी और धनिया में मुनाफावसूली का दबाव बना हुआ है। हाजिर मंडियों में आवक की स्थिति और निर्यात मांग के संकेतों के आधार पर ट्रेडर्स और मिलर्स अपनी नई पोजीशन बना रहे हैं।

पशु आहार क्षेत्र की प्रमुख जिंस बिनौला खली यानी कपासिया खली (कॉटन सीड ऑयल केक) में आज सुबह सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई है। एनसीडीईएक्स पर बिनौला खली का दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट 2.11 प्रतिशत की शानदार बढ़त के साथ 4,110 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आया। इसी तरह इसका जनवरी वायदा कॉन्ट्रैक्ट 1.52 प्रतिशत उछल कर 4,142.00 रुपये और फरवरी वायदा 1.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,169.00 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर पहुंच गया। डेयरी और पशु आहार निर्माताओं की लगातार बढ़ती हाजिर मांग तथा कपास की सीमित आवक के कारण बिनौला खली की कीमतों को मजबूत समर्थन मिल रहा है।

ग्वार कॉम्प्लेक्स में भी आज सुबह खरीदारों की सक्रियता लौटने से सकारात्मक माहौल बना हुआ है। ग्वार सीड का दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,225.00 रुपये प्रति क्विंटल और जनवरी वायदा कॉन्ट्रैक्ट 1.04 प्रतिशत उछल कर 8,352 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी प्रकार ग्वार गम के जनवरी वायदा कॉन्ट्रैक्ट में भी 0.95 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह 16,330 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर पहुंच गया। राजस्थान और गुजरात की प्रमुख मंडियों में किसानों की ओर से बिकवाली कम रहने और निचले स्तरों पर गम मिलों की खरीदारी निकलने से ग्वार की कीमतों में सुधार देखा जा रहा है।

मसाला वर्ग की बात करें तो आज सुबह जीरे में मामूली बढ़त, जबकि हल्दी और धनिया में गिरावट का रुख नजर आ रहा है। एनसीडीईएक्स पर जीरे का दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 27,600 रुपये प्रति क्विंटल और जनवरी वायदा 0.07 प्रतिशत बढ़कर 27,905 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार करता दिखा। उंझा और जोधपुर की हाजिर मंडियों में सामान्य मांग के चलते जीरे की कीमतें एक सीमित दायरे में स्थिर बनी हुई हैं।

दूसरी ओर, हल्दी और धनिया के वायदा कॉन्ट्रैक्टों में बिकवाली का दबाव हावी है। किसान पॉलिश हल्दी का दिसंबर वायदा 1.31 प्रतिशत फिसल कर 25,704 रुपये प्रति क्विंटल और अप्रैल वायदा 1.60 प्रतिशत टूट कर 26,050 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर आ गया है। एक्सचेंज की ओर से हल्दी कॉन्ट्रैक्टों पर लगाए गए अतिरिक्त मार्जिन के कारण भी ट्रेडर्स ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली कर रहे हैं। धनिया के दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट में भी 0.65 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई और यह 16,300 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार कर रहा है, जबकि जनवरी वायदा 0.47 प्रतिशत गिर कर 15,598 रुपये और अप्रैल वायदा 1.28 प्रतिशत लुढ़क कर 14,200 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। तिलहन वर्ग में अरंडी के वायदा कॉन्ट्रैक्टों में सुस्त कारोबार देखा जा रहा है और यह 8,240 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास एक सीमित दायरे में घूम रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781678 Articles

Share this story