सप्ताह के पहले कारोबारी दिन कृषि जिंसों के कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन कृषि जिंसों के कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) पर सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को कृषि जिंसों के कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह की शुरुआती मजबूती के बाद दोपहर के सत्र में मसाला वर्ग, ग्वार कॉम्प्लेक्स और तिलहन सहित लगभग सभी प्रमुख जिंसों में मुनाफावसूली का दबाव हावी हो गया। हाजिर मंडियों में नई आवक के संकेतों और निर्यात मांग सुस्त रहने के कारण ट्रेडर्स और स्टॉकिस्टों ने ऊपरी स्तरों पर बिकवाली को प्राथमिकता दी।

मसाला वर्ग में जीरे की कीमतों में आज सबसे तेज गिरावट नजर आई। एनसीडीईएक्स पर जीरे का जनवरी वायदा कॉन्ट्रैक्ट दिन के दौरान 28,450 रुपये के ऊपरी स्तर को छूने के बाद फिसल कर 26,770 रुपये के निचले स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद यह कॉन्ट्रैक्ट 785 रुपये यानी 2.82 प्रतिशत टूट कर 27,100 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह जीरे का मार्च वायदा कॉन्ट्रैक्ट भी 440 रुपये यानी 1.56 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 27,800 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर आ गया। उंझा की हाजिर मंडी में जीरे का भाव 27,797.45 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा।

धनिया और हल्दी के वायदा कॉन्ट्रैक्ट्स में भी आज बिकवाली का रुख बना रहा। धनिया के अप्रैल वायदा कॉन्ट्रैक्ट में 248 रुपये यानी 1.72 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 14,450 रुपये के ऊपरी स्तर से फिसल कर 14,202 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बंद हुआ। किसान पॉलिश हल्दी के वायदा कॉन्ट्रैक्ट्स में भी एक्सचेंज द्वारा लगाए गए अतिरिक्त मार्जिन और मुनाफावसूली के चलते नरमी रही, जहां इसका हाजिर भाव निजामाबाद मंडी में 26,527.75 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास दर्ज किया गया।

ग्वार कॉम्प्लेक्स में भी सुबह की बढ़त टिक नहीं सकी और शाम तक भारी बिकवाली हावी हो गई। ग्वार गम का दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट दिन के ऊपरी स्तर 16,199 रुपये से लुढ़क कर 15,600 रुपये के निचले स्तर तक गया और अंत में 252 रुपये यानी 1.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 15,650 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। इसी तरह जनवरी वायदा ग्वार गम भी 276 रुपये यानी 1.71 प्रतिशत टूट कर 15,900 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया। ग्वार सीड के दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट में 94 रुपये यानी 1.15 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई और यह 8,062 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बंद हुआ, जबकि जनवरी वायदा 106 रुपये यानी 1.28 प्रतिशत फिसल कर 8,160 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया। जोधपुर मंडी में ग्वार सीड का हाजिर भाव 8,220.70 रुपये प्रति क्विंटल रहा।

तिलहन और पशु आहार वर्ग की बात करें, तो अरंडी के दिसंबर वायदा कॉन्ट्रैक्ट में 106 रुपये यानी 1.27 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 8,410 रुपये के ऊपरी स्तर से फिसल कर 8,271 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर बंद हुआ। बिनौला खली में भी ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली देखने के बजाय सीमित दायरे में सुस्ती रही और यह शुरुआती बढ़त के बाद निचले स्तरों पर बंद हुई।

कृषि बाजार के जानकारों का कहना है कि रबी फसलों की बेहतर बुवाई की उम्मीद और घरेलू मिलर्स की सुस्त लिवाली के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। विश्लेषकों के अनुसार, जब तक निर्यात बाजार से नई मांग नहीं निकलती, तब तक मसालों और ग्वार में ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली का सिलसिला जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story