मोबिक्विक को आरबीआई से मिला गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी का लाइसेंस

WhatsApp Channel Join Now
मोबिक्विक को आरबीआई से मिला गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी का लाइसेंस


नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स)। फिनटेक कंपनी वन मोबिक्विक सिस्टम्स (मोबिक्विक) को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) लाइसेंस के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इसके बाद कंपनी के शेयर में 15 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है।

वित्तीय-प्रौद्योगिकी कंपनी वन मोबिक्विक सिस्टम्स ने सोमवार को जानकारी दी कि उसे रिजर्व बैंक से गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) का लाइसेंस मिल गया है। कंपनी ने कहा कि इस लाइसेंस के तहत वह अपने पूर्ण-स्वामित्व वाली इकाई मोबीक्विक फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (एमएफएसपीएल) के जरिए कर्ज देने का नया कारोबार शुरू करेगी।

कंपनी के मुताबिक नया एनबीएफसी मोबिक्विक के 18.6 करोड़ से अधिक ग्राहकों के आधार, मजबूत प्रौद्योगिकी ढांचे, जोखिम मूल्यांकन और वसूली क्षमताओं का लाभ उठाएगा। इससे कंपनी को विनियमित ऋण सेवाओं का विस्तार करने, नए क्रेडिट उत्पाद विकसित करने और अधिक उपभोक्ताओं एवं व्यापारियों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

कंपनी की कार्यकारी निदेशक, सह-संस्थापक और मुख्य वित्तीय अधिकारी उपासना टाकू ने कहा, ‘एनबीएफसी लाइसेंस की मंजूरी मोबक्विक समूह के एक बड़े वित्तीय सेवा मंच के रूप में विकसित होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि चार महीने से कम समय में मंजूरी मिलना समूह की विश्वसनीयता का प्रमाण है।’

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story