भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी

WhatsApp Channel Join Now
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लिए अच्छी खबर है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान देश के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस अवधि में भारत ने कुल 31.97 अरब डॉलर के इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निर्यात किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में यह आंकड़ा 22.20 अरब डॉलर था।

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक इस बढ़ोतरी में स्मार्टफोन के साथ-साथ दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का भी बड़ा योगदान रहा है। भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा बनी हुई है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान स्मार्टफोन का निर्यात 35.8 फीसदी बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 13.38 अरब डॉलर था। हालांकि, कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 60.3 फीसदी से घटकर 56.8 फीसदी रह गई है। इसका कारण यह है कि स्मार्टफोन के अलावा दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्यात में ज्यादा तेजी आई है।

स्मार्टफोन के अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्यात में 56.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यह निर्यात पिछले साल के 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर हो गया। कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी भी 39.7 फीसदी से बढ़कर 43.2 फीसदी हो गई। इस श्रेणी में इलेक्ट्रॉनिक सर्किट बोर्ड, नेटवर्क और संचार उपकरण, मेमोरी चिप और डेटा स्टोर करने वाले उपकरण शामिल हैं। इससे पता चलता है कि भारत अब केवल स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि कई तरह के इलेक्ट्रॉनिक सामानों का भी बड़े स्तर पर निर्यात कर रहा है।

सरकार के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में यह बढ़ोतरी भारत के बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय उत्पादों की बढ़ती पहुंच को दर्शाती है। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में निर्यात बढ़ने से भारत की वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भूमिका और मजबूत हो सकती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story