मुनाफावसूली के दबाव में एमसीएक्स, कॉपर 7 महीने के निचले स्तर पर फिसला

WhatsApp Channel Join Now
मुनाफावसूली के दबाव में एमसीएक्स, कॉपर 7 महीने के निचले स्तर पर फिसला


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के 19 महीने के ऊपरी उच्चतम स्तर के करीब पहुंचने और बॉन्ड यील्ड में आई तेजी के कारण आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर कीमती धातुओं और बेस मेटल्स में भारी गिरावट दर्ज की गई। ग्लोबल लेवल पर स्पॉट सोना 3,550 डॉलर प्रति औंस के नीचे फिसल गया, जिसका सीधा असर घरेलू वायदा बाजार पर भी नजर आया। वहीं कच्चे तेल की कीमत मामूली मजबूती के साथ सीमित दायरे में बनी रहीं।

एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला सोना आज लगभग चार प्रतिशत यानी 4,924 रुपये से 5,087 रुपये तक लुढ़क कर 1,22,365 रुपये से 1,22,528 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार करता हुआ नजर आया। सोने के मुकाबले चांदी में बिकवाली का दबाव और भी अधिक गहरा रहा, जहां दिसंबर वायदा चांदी पांच प्रतिशत से अधिक यानी करीब 8,250 रुपये से 9,016 रुपये टूट कर 1,48,466 रुपये से 1,49,232 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई।

एनर्जी सेक्टर की बात करें तो सप्लाई में संभावित रुकावट की चिंताओं के बीच कच्चे तेल की कीमतों में सीमित दायरे में मजबूती बनी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा मामूली बढ़त के साथ 91.98 डॉलर से 92.48 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि घरेलू बाजार में कच्चा तेल 7,773 रुपये के पिवट प्वाइंट के करीब मजबूती दिखा रहा है।

दूसरी ओर, औद्योगिक मांग को लेकर बनी चिंताओं के चलते बेस मेटल्स में भी कमजोरी हावी रही। एमसीएक्स पर कॉपर वायदा तीन प्रतिशत से अधिक फिसल कर सात महीने के निचले स्तर 1,168 रुपये प्रति किलोग्राम के करीब पहुंच गया, जबकि एल्यूमिनियम भी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 315.75 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत डॉलर और फेडरल रिजर्व के सख्त रुख के कारण शॉर्ट टर्म में बुलियन और बेस मेटल्स पर दबाव बना रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story