एमसीएक्स पर सोना और चांदी में बिकवाली का दबाव, कच्चे तेल में रिकवरी का रुख

WhatsApp Channel Join Now
एमसीएक्स पर सोना और चांदी में बिकवाली का दबाव, कच्चे तेल में रिकवरी का रुख


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी बाजार (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज-एमसीएक्स) में आज शाम तक के पहले सत्र की समाप्ति तक मिला-जुला कारोबार होता रहा। सोने और चांदी पर आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जबकि कच्चे तेल में हल्की रिकवरी दर्ज की गई। वहीं, बेस मेटल सेक्टर में सीमित दायरे में कारोबार होता रहा।

आज के कारोबार में भारतीय रुपये के सात महीने के ऊपरी स्तर पर पहुंचने से घरेलू बाजार में आयातित कमोडिटीज की कीमतों पर दबाव बना रहा। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में जियो-पॉलिटिकल टेंशन के बीच कच्चे तेल में निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू होने से एनर्जी मार्केट को सहारा मिला।

सबसे पहले बात करते हैं सोना और चांदी की। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज पहले सत्र के दौरान सोना और चांदी दोनों चमकीली धातु लाल निशान में बंद हुए। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव की तुलना में 1,107 रुपये यानी 0.85 प्रतिशत टूटकर 1,28,707 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। इसी तरह चांदी की कीमतों में भी कमजोरी जारी रही। इस कमजोरी के कारण दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 1,044 रुपये यानी 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,690 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई।

मध्य एशिया में तनाव बढ़ने की आशंकाओं के चलते कच्चे तेल की कीमत में आज सुधार होता नजर आया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 91.26 डॉलर प्रति बैरल से लेकर 92.80 डॉलर प्रति बैरल के बीच और अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई क्रूड 82.60 डॉलर प्रति बैरल से लेकर 84.30 डॉलर प्रति बैरल के बीच कारोबार करता रहा। घरेलू स्तर पर एमसीएक्स पर दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाला कच्चा तेल 123 रुपये यानी 1.61 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,770 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।

औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में आज पहले सत्र की समाप्ति पर सीमित दायरे का कारोबार दर्ज किया गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर एल्यूमिनियम वायदा हल्की मजबूती के साथ 313.30 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया। वहीं, कॉपर वायदा भी पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद निचले स्तरों पर स्थिर होने की कोशिश करता दिखाई दिया।

कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त नीतियों और रुपये की मजबूती के कारण घरेलू बाजार में सोने और चांदी की तेजी पर अंकुश लगा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, शाम के दूसरे सत्र में अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और अंतरराष्ट्रीय संकेतों के आधार पर सोना, चांदी और कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story