एमसीएक्स में बिकवाली का माहौल, सोना-चांदी और क्रूड ऑयल में गिरावट

WhatsApp Channel Join Now
एमसीएक्स में बिकवाली का माहौल, सोना-चांदी और क्रूड ऑयल में गिरावट


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। घरेलू कमोडिटी मार्केट (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज-एमसीएक्स) में आज दिन के ट्रेडिंग सेशन के दौरान चौतरफा बिकवाली और भारी गिरावट का माहौल बना रहा। दिवाली और भाईदूज का त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद हाजिर मांग में आई सुस्ती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की फिसलन का सीधा असर एमसीएक्स में आज दिन के कारोबार के दौरान देखने को मिला। शाम छह बजे तक के कारोबार में सोना, चांदी और कच्चा तेल तीनों ही गहरे लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। शाम के सत्र तक एमसीएक्स पर सोना वायदा 1,502 रुपये यानी 1.08 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 1,38,214 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। इसी तरह चांदी वायदा में भी भारी बिकवाली हावी रही और यह 2,813 रुपये यानी 1.52 प्रतिशत टूटकर 1,81,712 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार करती हुई देखी गई।

एनर्जी मार्केट और क्रूड ऑयल सेगमेंट में भी आज गिरावट का सिलसिला जारी रहा। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वैश्विक बाजार में 0.75 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 92.07 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर फिसल गया है। इसी तरह अमेरिकी क्रूड यानी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) भी नरमी के साथ 86.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ है। ग्लोबल मार्केट की इस सुस्ती के कारण घरेलू स्तर पर भी एमसीएक्स क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 99 रुपये यानी 1.21 प्रतिशत टूट कर 8,085 रुपये प्रति बैरल के भाव पर आ गया।

दूसरी ओर, औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल्स सेगमेंट में भी आज कमजोरी का रुख कायम रहा। कमोडिटी एक्सचेंज पर कॉपर के भाव में बिकवाली के दबाव के कारण गिरावट देखी गई और यह 7.05 रुपये टूटकर 1,334.80 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर के आसपास आ गया। इसके साथ ही एल्यूमिनियम के भाव में भी सुस्ती बनी रही और यह 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 330.35 से 334.00 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में कारोबार करता हुआ देखा गया।

कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में आई मजबूती और ब्याज दरों पर सख्त रुख की आशंकाओं ने सोने और चांदी की चमक को फीका कर दिया है। इसके अलावा त्योहारी खरीदारी थमने से भी घरेलू हाजिर बाजार में सुस्ती है। विश्लेषकों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में कीमती धातुओं और औद्योगिक धातुओं में यह उतार-चढ़ाव और दबाव आगे भी जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story