मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार की लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार की लॉन्च


मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार की लॉन्च


मारुति सुजुकी इंडिया ने भारत की पहली ‘फ्लेक्स फ्यूल’ कार की लॉन्च


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने गुरुवार को भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार ‘वैगन आर’ लॉन्च की, जिसे विशेष रूप से इथेनॉल मिश्रित ईंधन के अनुकूल बनाया गया है। मारुति की नई वैगन-आर पूरी तरह से ई85 फ्यूल (85 फीसदी तक एथेनॉल मिक्स पेट्रोल) से चलने में सक्षम है।

मारुति सुजुकी ने जारी एक बयान में कहा कि भारत का पहला फ्लेक्स-फ्यूल यात्री वाहन लॉन्च किया गया, जो ई20 से लेकर ई100 तक के किसी भी इथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चलने में सक्षम है। कंपनी ने बताया कि यह सरकार के इथेनॉल मिश्रण को बढ़ाने, कच्चे तेल के आयात को कम करने, ऊर्जा सुरक्षा को बेहतर बनाने और कार्बन उत्सर्जन को घटाने के प्रयासों के अनुरूप है।

कंपनी ने बताया कि लोकप्रिय मॉडल ‘वैगनआर’ में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक की पेशकश ऊर्जा सुरक्षा और टिकाऊ वृद्धि के राष्ट्रीय लक्ष्यों के अनुरूप है। मारुति ने कहा कि यह कार ई20 पेट्रोल से लेकर ई100(करीब शुद्ध इथेनॉल) तक के किसी भी मिश्रण वाले ईंधन पर चल सकती है। इसमें उन्नत इंजन नियंत्रण इकाई (ईसीयू) लगी होती है, जो पेट्रोल में इथेनॉल की अलग-अलग मात्रा के हिसाब से अपना अनुकूलन खुद कर सकती है। कंपनी ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बड़े पैमाने पर अपनाने से इथेनॉल की मांग में दीर्घकालिक वृद्धि हो सकती है, जिससे चीनी और इथेनॉल क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारत हर साल बड़ी मात्रा में कच्चे तेल का आयात करता है एवं इथेनॉल जैसे जैव ईंधन इस निर्भरता को कम करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। गडकरी ने आगे कहा, ‘फ्लेक्स-फ्यूल वाहन एथनॉल की मजबूत एवं स्थिर मांग पैदा कर किसानों, उद्योग और पर्यावरण तीनों को लाभ पहुंचा सकते हैं।’

कार्यक्रम में मौजूद पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत की इथेनॉल यात्रा ‘थमने वाली नहीं’ है और इससे किसानों को ‘अन्नदाता’ से ‘ऊर्जादाता’ बनने में मदद मिली है। पुरी ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहन कच्चे तेल के आयात में कमी, विदेशी मुद्रा की बचत और उत्सर्जन घटाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेंगे।

वहीं, कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हिसाशी ताकेउची ने कहा कि कंपनी बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी), हाइब्रिड, सीएनजी/सीबीजी और फ्लेक्स-फ्यूल जैसी विभिन्न प्रौद्योगिकियों एवं ईंधनों पर आधारित मॉडल पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि तेल आयात और कार्बन उत्सर्जन में कटौती के दोहरे लक्ष्य हासिल किए जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story