मारुति सुजुकी गुजरात के पांच आईटीआई में बनाएगी मैन्युफैक्चरिंग लैब

WhatsApp Channel Join Now
मारुति सुजुकी गुजरात के पांच आईटीआई में बनाएगी मैन्युफैक्चरिंग लैब


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स)। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) गुजरात के 5 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में (एडवांस्ड) उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं स्थापित करेगी।

मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने सोमवार को एक बयान में कहा कि इसके लिए कंपनी ने गुजरात सरकार के रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशालय (डीईटी) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाएं (एएमएल) पालनपुर, भावनगर, सुरेंद्रनगर, गोधरा और दाहोद के आईटीआई में स्थापित की जाएंगी।

पैसेंजर कार निर्माता कंपनी एमएसआईएल के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (कॉरपोरेट मामलों) राहुल भारती ने कहा, ‘‘उन्नत विनिर्माण प्रयोगशालाओं के माध्यम से हम छात्रों को व्यावहारिक शिक्षा एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण देंगे। इससे ऐसे पेशेवर तैयार होंगे जो विकसित हो रहे मोटर वाहन परिवेश में सहजता से काम कर सकें।’’

मारुति सुजुकी इंडिया वर्तमान में देशभर में विनिर्माण से जुड़े 31 आईटीआई का सहयोग कर रही है। कंपनी ने देशभर में 18 एएमएल स्थापित किए हैं। एमएसआईएल गुजरात में पांच नए एएमएल जुड़ने के बाद वह गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 23 एएमएल संचालित करेगी।

यह देश की सबसे बड़ी यात्री कार निर्माता कंपनी है, जिसकी घरेलू यात्री वाहन बाजार में लगभग 40 फीसदी हिस्सेदारी है। जापानी कंपनी 'सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन' की इस सहायक कंपनी का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड किफायती, भरोसेमंद और फ्यूल-एफिशिएंट गाड़ियां बनाने के लिए जानी जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story