देश के पास 69 दिन का कच्चा तेल और 45 दिन का एलपीजी भंडार मौजूद : पुरी

WhatsApp Channel Join Now
देश के पास 69 दिन का कच्चा तेल और 45 दिन का एलपीजी भंडार मौजूद : पुरी


हरदीप पुरी ने कहा-एलपीजी उत्पादन बढ़ाकर 54 हजार टन प्रतिदिन किया गया

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि भारत ने अपने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) उत्पादन को 35-36 हजार टन से बढ़ाकर 54 हजार टन प्रतिदिन कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश के पास 69 दिन का कच्चे तेल एवं एलएनजी तथा 45 दिन का एलपीजी का भंडार मौजूद है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के वार्षिक व्यापार सम्मेलन को संबोधित करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि उत्पादन में बढ़ोतरी देश की ऊर्जा ज़रूरतों को सुरक्षित करने और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण आपूर्ति में आई रुकावटों की भरपाई करने के लिए एक रणनीतिक कदम है। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता उपाय अपनाने की अपील को सतर्कता बरतने के संकेत के रूप में लिया जाना चाहिए और पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पश्चिम एशिया में जारी संकट से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार शुरू करने का संकेत है। दरअसल हैदराबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ाने, कारपूलिंग अपनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों का ज्यादा इस्तेमाल करने, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और ‘वर्क फ्रॉम होम’ अपनाने की सलाह दी थी, ताकि विदेशी मुद्रा को बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story