लोहिया कॉर्प का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 फीसदी से अधिक चढ़ा

WhatsApp Channel Join Now
लोहिया कॉर्प का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 फीसदी से अधिक चढ़ा


लोहिया कॉर्प का शेयर पहले दिन के कारोबार में 16 फीसदी से अधिक चढ़ा


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। औद्योगिक मशीनरी विनिर्माता लोहिया कॉर्प लिमिटेड का शेयर गुरुवार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद अपने 425 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 16 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ है।

स्टॉक मार्केट के जारी आंकड़ों के मुताबिक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर कंपनी का शेयर 460 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो इसके निर्गम मूल्य से 8.23 फीसदी अधिक है। बाद में यह 19.64 फीसदी बढ़कर 508.50 रुपये पर पहुंच गया। अंतत: कारोबार के अंत में यह 16.38 फीसदी चढ़कर 494.65 रुपये पर बंद हुआ है।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर कंपनी के शेयर ने 461 रुपये पर शुरुआत की, जो 8.47 फीसदी की बढ़त दर्शाता है। कारोबार के अंत में यह 16.37 फीसदी बढ़त के साथ 494.60 रुपये रहा। लोहिया कॉर्प लिमिटेड कंपनी का बाजार पूंजीकरण 5,225.98 करोड़ रुपये रहा। कारोबार की मात्रा के लिहाज से दिनभर में बीएसई पर कंपनी के 15.38 लाख शेयरों और एनएसई पर 207.59 लाख शेयरों का कारोबार हुआ।

लोहिया कॉर्प लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को बोली के अंतिम दिन 7.25 गुना अभिदान मिला था। कंपनी ने अपने इस 1,102 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 404-425 रुपये प्रति शेयर तय किया था। ये आईपीओ पूरी तरह 2.59 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। इसलिए कंपनी को इस निर्गम से कोई राशि प्राप्त नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि लोहिया कॉर्प लिमिटेड को पहले कानपुर पैकेजिंग मशीन्स लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। यह टेक्निकल टेक्सटाइल्स के लिए मशीनरी और उपकरण बनाती है। इस कंपनी के डक्ट पोर्टफोलियो में टेप एक्सट्रूजन लाइंस, सर्कुलर लूम्स, कोटिंग और लैमिनेशन लाइंस, प्रिंटिंग और कनवर्जन मशीन, मल्टीफिलामेंट यार्न मशीन, ट्विस्टर वाइंडर, मोनोफिलामेंट एक्सट्रूजन लाइंस, रीसाइक्लिंग मशीन और स्पेयर पार्ट्स शामिल हैं।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story