एलआईसी ने जीवन साथी ब्रांड के तहत दो नए उत्पादों को किया लॉन्च
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने अपने बचत पोर्टफोलियो को मजबूत करने के प्रयासों के तहत दो नए बीमा उत्पादों एलआईसी के न्यू जीवन साथी (सिंगल प्रीमियम) और एलआईसी के न्यू जीवन साथी (लिमिटेड प्रीमियम) लॉन्च की है। ये दोनों प्लान 1 जून, 2026 से ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे।
भारतीय जीवन बीमा निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आर. दोराईस्वामी ने प्रबंध निदेशकों आर. चंदर, दिनेश पंत और रत्नाकर पटनायक के साथ मिलकर इन दो नए संयुक्त जीवन बीमा उत्पादों का शुभारंभ किया। एलआईसी ने विवाहित जोड़ों के लिए दो बेहद खास नए संयुक्त जीवन बीमा उत्पाद पेश किए हैं, उनमें न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम (प्लान 888) और न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम (प्लान 889) शामिल है।
बीमा कंपनी ने जारी एक बयान में बताया कि ये दोनों प्लान नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड, व्यक्तिगत बचत प्लान हैं, जिन्हें विशेष रूप से विवाहित जोड़ों के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक ही पॉलिसी के तहत लंबी अवधि की बचत और जीवन सुरक्षा को एक साथ जोड़ते हैं। इसके लिए न्यूनतम मूल बीमा राशि 3 लाख रुपये है, जो 1 जून 2026 से ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे।
इस पॉलिसी की योग्यता और शर्त:
भारतीय जीवन बीमा निगम के इस पॉलिसी के लिए न्यूनतम प्रवेश आयु की सीमा 18 वर्ष तय की गई है। इसके लिए न्यूनतम सम एश्योर्ड (बीमा राशि) 3,00,000 रुपये है। एलआईसी ने इन नई पॉलिसियों में कुछ नवीनतम फीचर्स का भी समावेश किया है। इनमें सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभ, आकस्मिक बीमा कवर, और मानसिक स्वास्थ्य कवर को शामिल किया गया है। इनसे आपको न केवल वित्तीय सुरक्षा मिलेगी, बल्कि आपकी मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इसके भुगतान का विवरण और लाभ:
मैच्योरिटी या डेथ बेनिट की राशि को एकमुश्त लेने के बजाय 5, 10 या 15 साल की किश्तों (किश्तों) में भी लिया जा सकता है। इन नए प्लान का एक और मुख्य लाभ यह है कि यह आपको दोनों जीवनसाथियों के लिए बीमा कवर प्रदान करता है। इसका मतलब है यदि किसी एक जीवनसाथी की तबीयत खराब होती है या अनहोनी होती है, तो दूसरे को आर्थिक दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह आपके परिवार की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण पहलू है।
कम प्रीमियम, परिवार की सुरक्षा और आसान निवेशः
एलआईसी की इन योजनाओं की एक खास बात यह है कि आपको इनकी प्रीमियम राशि बहुत किफायती मिलेगी। जीवन बीमा कंपनी का लक्ष्य है कि इतनी सस्ती प्रीमियम पर भी आपको बेहतरीन सेवाएं प्रदान की जा सकें। यह खासकर युवा दंपत्तियों के लिए एक बड़ा आकर्षण है। इस योजना को चुनने से न केवल आपके जीवन साथी को कवर मिलेगा, बल्कि आपका परिवार भी सुरक्षित रहेगा। यह पॉलिसी एक आसान निवेश के रूप में भी काम करती है। जो लोग भविष्य में अपने बच्चों या अन्य परिवार के सदस्यों के लिए पूंजी जमा करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर है।
इसकी उपलब्धता और अन्य जानकारीः
भारतीय जीवन बीमा निगम की इन नई पॉलिसियों की अधिक जानकारी और उपलब्धता के लिए एलआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। आपके लिए ये पॉलिसी ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं। इसलिए जब भी आप इनकी जांच करें, आपको इस पॉलिसी की पूरी जानकारी मिलेगी। इसके अलावा अगर आपको किसी प्रकार की सहायता चाहिए, तो एलआईसी के कार्यालय से संपर्क करना भी एक आसान विकल्प रहेगा। ईमेल: ed_cc@licindia.com. www.licindia.in पर संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

