ललिता ज्वैलरी मार्ट लिमिटेड का आईपीओ 17 अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 190–201 रुपये प्रति शेयर

WhatsApp Channel Join Now
ललिता ज्वैलरी मार्ट लिमिटेड का आईपीओ 17 अगस्त को खुलेगा, प्राइस बैंड 190–201 रुपये प्रति शेयर


नई दिल्ली/मुंबई, 11 अगस्त (हि.स.)। ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 17 अगस्त को निवेशकों के लिए खुलेगा। निवेशक इसमें निवेश के लिए 19 अगस्त, 2026 तक बोली लगा सकते हैं। इस आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 190–201 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने मंगलवार को यहां आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड का आईपीओ 17 अगस्त को खुलेगा और 19 अगस्त को बंद होगा। इसमें निवेश करने के लिए एंकर निवेशक 14 अगस्त को बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 190–201 रुपये प्रति शेयर तय किया है।

आभूषण खुदरा कंपनी ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड के 1,700 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1,200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 500 करोड़ रुपये तक के शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के जरिए बेचे जाएंगे। कंपनी के अुनसार 5 की फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में निवेशक न्यूनतम 74 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 74 इक्विटी शेयरों के गुणकों में बोली लगा सकते हैं।

ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड के कुल निर्गम में 50 फीसदी हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी), 15 फीसदी गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। कंपनी ने आईपीओ के लिए 190-201 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। ऐसे में ऊपरी मूल्य स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 11,250 करोड़ रुपये बैठता है।

कंपनी इस निर्गम से जुटाई गई राशि का उपयोग अपने स्टोर नेटवर्क के विस्तार में करेगी। ललिता ज्वेलरी मार्ट लिमिटेड नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का मुख्य रूप से नए स्टोर खोलने में उपयोग करेगी। इसके अलावा शेष राशि का एक हिस्सा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए खर्च किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि यह कंपनी 'ललिता' ब्रांड नाम से काम करने वाली एक ज्वैलरी रिटेलर है, जो दक्षिण भारतीय ज्वैलरी बाजारों की क्षेत्रीय पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग स्टाइल की सोने, चांदी और हीरे की ज्वैलरी की एक बड़ी रेंज पेश करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story