महाराष्ट्र के नासिक से 800 टन प्याज लेकर बुधवार को दिल्ली पहुंचेगी ‘कांदा एक्सप्रेस’
नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। केंद्र सरकार ने प्याज की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाया है। महाराष्ट्र के नासिक से 800 टन प्याज लेकर पहली ‘कांदा एक्सप्रेस’ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी नई पहुंचेगी। दिल्ली में 35 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी वाली दर पर प्याज को बेचा जाएगा।
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने बताया कि दिल्ली में प्याज की खुदरा बिक्री नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के स्टोर के जरिये की जाएगी। उन्होंने बताया कि चार अन्य केंद्रों-चेन्नई, एर्नाकुलम, मदुरै और गुवाहाटी के लिए समर्पित रेलवे रेक के जरिए कांदा एक्सप्रेस से थोक प्याज भेजा जा रहा है। इन केंद्रों के लिए भेजा जा रहा प्याज महाराष्ट्र के नासिक में रखे गए बफर स्टॉक का हिस्सा है। खरे ने बताया कि प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी पर रोक लगाने के लिए इस स्टॉक को बाजार में उतारा जा रहा है।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के जारी आंकड़ों के अनुसार 24 अगस्त को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि एक साल पहले यह 27.37 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इसी तरह औसत थोक कीमत 68 फीसदी ढ़कर 35.58 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो एक साल पहले 21.23 रुपये प्रति किलोग्राम थी।
देश के प्रमुख शहरों में सोमवार को प्याज की खुदरा कीमत चेन्नई में 60 रुपये प्रति किलो रही, जबकि एक साल पहले यह 33 रुपये थी। दिल्ली में कीमत 55 रुपये प्रति किलो रही, जो एक साल पहले 35 रुपये थी। कोलकाता में प्याज 53 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

