जेएलआर ने ब्रिटेन से आयातित कारों के दाम 75 लाख तक घटाया

WhatsApp Channel Join Now
जेएलआर ने ब्रिटेन से आयातित कारों के दाम 75 लाख तक घटाया


नई दिल्ली, 05 मई (हि.स)। लक्जरी वाहन विनिर्माता जगुआर लैंडरोवर (जेएलआर) इंडिया ने अपनी प्रीमियम कारों के दाम में 75 लाख रुपये तक की भारी कटौती करने का एलान किया है। कंपनी ने यह कदम भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) के लागू होने से पहले उठाया है। नए मूल्य तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि यह मूल्य कटौती ब्रिटेन से आयातित पूर्णतः निर्मित यूनिट (सीबीयू) मॉडलों पर लागू होगी। इस कटौती के बाद रेंज रोवर एसवी की एक्स-शोरूम कीमत 4.25 करोड़ रुपये से अब घटाकर 3.5 करोड़ रुपये कर दी गई है, जबकि रेंज रोवर स्पोर्ट एसवी की शुरुआती कीमत 2.75 करोड़ रुपये से घटकर अब 2.35 करोड़ रुपये हो गई है।

जेएलआर के मुताबिक नए मूल्य तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं, जो समझौते के सफल क्रियान्वयन के प्रति कंपनी के विश्वास को दर्शाते हैं। यह लैंड रोवर की हाई-एंड एसयूवी रेंज रोवर एसवी की कीमतों में की गई अब तक की सबसे बड़ी कटौती है। जेएलआर इंडिया ने एक बयान में कहा कि पूरी तरह निर्मित इकाई के रूप में भारत आने वाले वाहनों की कीमतों में कटौती का प्रमुख लाभ रेंज रोवर एसवी और रेंज रोवर स्पोर्ट एसवी मॉडलों को मिलेगा।

लक्जरी वाहन निर्माता जगुआर लैंडरोवर के इस कदम पर टिप्पणी करते हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक राजन अम्बा ने कहा कि कंपनी व्यापार समझौते के अपेक्षित लाभों को अपने ग्राहकों तक पहले से ही पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि संशोधित मूल्य निर्धारण जेएलआर इंडिया के ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को मजबूत करता है और इसका उद्देश्य प्रीमियम एसवी रेंज को खरीदारों के लिए अधिक सुलभ बनाना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Share this story