केंद्र सरकार हर उद्यमी को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है : जीतन राम मांझी
नई दिल्ली, 27 जून (हि.स)। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, भारत सरकार एक ऐसा इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर उद्यमी को इनोवेशन करने, आगे बढ़ने और राष्ट्र-निर्माण में योगदान देने का समान अवसर मिले। मांझी ने एमएसएमई दिवस 2026 के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
शनिवार को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘एमएसएमई दिवस 2026–उद्यमी भारत’ समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने यह बात कही। उन्हाेंने कहा कि हमारा ध्यान औपचारिकरण, डिजिटल सशक्तिकरण, आसानी से फाइनेंस मिलने, मज़बूत मार्केट लिंकेज, टेक्नोलॉजी अपनाने और इनोवेशन-आधारित विकास पर बना हुआ है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया।
इस अवसर पर केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर को भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ का इंजन माना जाता है और उद्यमी इस ग्रोथ के ड्राइवर हैं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई मंत्रालय डिजिटल सपोर्ट, स्किल डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी और मार्केटिंग लिंकेज जैसी सुविधाएं दे रहा है।
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा, “आप उद्यमी भारत के विकास में भागीदार हैं। एमएसएमई सेक्टर सिर्फ़ कारोबार तक सीमित नहीं है। ये साकार होते सपने हैं, कारोबार में बदलते आइडिया हैं और कड़ी मेहनत से बदलती जिंदगी है।”
वहीं, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव भरत खेरा ने इस अवसर पर एमएसएमई सेक्टर का ब्यौरा पेश किया। उन्होंने भारत की आर्थिक वृद्धि में इस सेक्टर की भूमिका पर जोर दिया और मंत्रालय द्वारा लागू की जा रही मुख्य पहलों और योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर में योगदान देने वाले सभी स्टेकहोल्डर्स की तारीफ़ की।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने जारी एक बयान में बताया कि एमएसएमई दिवस के कार्यक्रमों का समापन दो तकनीकी पैनल चर्चाओं के साथ हुआ, जिनके विषय थे, महिला उद्यमिता के नए दौर की शुरुआत और स्केलेबल एमएसएमई बनाने में ग्रोथ कैपिटल की भूमिका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

