जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर में लगातार दूसरे दिन तेजी, बाजार पूंजीकरण 13.72 लाख करोड़ रुपये के पार

WhatsApp Channel Join Now
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर में लगातार दूसरे दिन तेजी, बाजार पूंजीकरण 13.72 लाख करोड़ रुपये के पार


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की डिजिटल सेवा और तकनीक सहायक कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयर में गुरुवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी है। कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 5 फीसदी से अधिक चढ़ गया। इस बढ़त के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) भी बढ़कर 13.72 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

स्टॉक एक्सचेंज के जारी आंकड़ों के अनुसार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर कंपनी का फीसदी 5.12 फीसदीी की बढ़त के साथ 1,490 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शेयर 5.09 फीसदी की बढ़त के साथ 1,489.70 रुपये पर कारोबार कर रहा था। बीएसई पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 66,903.61 करोड़ रुपये बढ़कर 13,72,145.59 करोड़ रुपये हो गया।

जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर अपने 1,119 रुपये के निर्गम मूल्य से दोनों प्रमुख शेयर बाजार में 33 फीसदी से अधिक ऊपर कारोबार कर रहा है। इससे पहले जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी। कंपनी का शेयर निर्गम मूल्य से करीब 27 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था। इसके साथ ही कंपनी बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन गई थी। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर 1,358 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था, जो इसके निर्गम मूल्य से 21.36 फीसदी अधिक था। बीएसई पर शेयर 26.66 फीसदी की बढ़त के साथ 1,417.35 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान इसने 1,423.80 रुपये का उच्चतम स्तर भी छुआ था।

इसी तरह एनएसई पर शेयर 26.67 फीसदी चढ़कर 1,417.50 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान इसने 1,423.90 रुपये का उच्चतम स्तर हासिल किया था। एक दिन पहले बुधवार के कारोबारी सत्र के अंत में जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार पूंजीकरण 13 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया था।

कंपनी बाजार मूल्यांकन के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद दूसरे स्थान पर रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 15.92 लाख करोड़ रुपये है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बाजार पूंजीकरण के लिहाज से भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक को पीछे छोड़ दिया है।

जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) कुल 22.19 गुना अभिदान के साथ बंद हुआ था। सार्वजनिक निर्गम और एंकर निवेशकों के आवंटन को मिलाकर कुल मांग सात लाख करोड़ रुपये से अधिक रही थी। आईपीओ से पहले कंपनी ने 19 अक्टूबर को 212 एंकर निवेशकों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे। इन निवेशकों को 1,119 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर आवंटित किए गए थे, जो मूल्य दायरे का ऊपरी स्तर था। आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और पहले ही दिन करीब 100 मिनट के भीतर ही इसे पूरा अभिदान मिल गया था।

आईपी जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह से 27 करोड़ नए शेयरों का निर्गम था। इसके लिए मूल्य का दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो प्लेटफॉर्म्स में 66.4 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी का आईपीओ 23 अक्टूबर को बंद हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768756 Articles

Share this story